समर्पण की मिसाल बना पाटीदार समाज, करोड़ों की भूमि दान से साकार हुई ‘श्री वासुदेव परिषद’, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया भूमिपूजन



भारत सागर न्यूज नेटवर्क / अजय पाटीदार । उज्जैन के रत्नाखेड़ी क्षेत्र में रविवार को मध्यप्रदेश पाटीदार समाज संगठन के प्रांतीय कार्यालय “श्री वासुदेव परिषद” के निर्माण हेतु भूमि पूजन समारोह अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन पाटीदार समाज की एकता, संगठनात्मक शक्ति और उज्ज्वल भविष्य की दिशा को रेखांकित करने वाला सिद्ध हुआ।

इस भव्य परिसर के निर्माण के लिए भूमि दानदाता लक्ष्मीदेवी पाटीदार द्वारा करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि का दान किया गया, जो समाजहित में दिया गया एक अनुकरणीय और प्रेरणास्पद योगदान है। समाज के लिए किया गया यह महान त्याग कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा और उपस्थित जनसमूह ने दानदाता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।



भूमि पूजन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “एक भारत श्रेष्ठ भारत के प्रणेता, देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को मैं महाकाल की नगरी अवंतिका से नमन करता हूँ। कार्यक्रम में पधारे सभी पाटीदार समाज के बंधुओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।”

उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति अगाध समर्पण का फल है। वर्ष 1947 में जब देश 562 रियासतों में विभाजित था, उस चुनौतीपूर्ण कालखंड में सरदार पटेल ने केन्द्रीय गृह मंत्री एवं उप प्रधानमंत्री के रूप में अपने राजनीतिक कौशल से भारत को एक सूत्र में बाँधकर एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया, जो इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है।






मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह भूमिपूजन केवल एक भवन का नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति, सामाजिक एकजुटता और उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गुजरात के केवड़िया में दुनिया की सबसे ऊँची प्रतिमा स्थापित कर सरदार पटेल की स्मृति को अमर किया गया है। बाबा महाकाल की नगरी उजज्जैन में पाटीदार समाज के प्रांतीय कार्यालय का भूमिपूजन होना अपने आप में सौभाग्य की बात है। पाटीदार समाज सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने वाला समाज है, जिसने खेती, उद्योग, व्यापार, शिक्षा, राजनीति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाकर राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दिया है।

राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करकमलों द्वारा कार्यालय का भूमिपूजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिषद भविष्य में समाज के लिए रोजगार सृजन, संगठनात्मक गतिविधियों और सेवा कार्यों का केंद्र बनेगी। साथ ही उन्होंने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने भी संबोधन कर आयोजकों एवं समाजजनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर पाटीदार समाज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णकांत पटेल, शांतिलाल गामी, राजेश धाकड़, संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा