अशुद्ध पेयजल सप्लाई पर कांग्रेस पार्षद आक्रामक, तीसरे दिन भी धरना जारी जिम्मेदार, अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग...
भारत सागर न्यूज/नागदा। नागदा नगर में पिछले दो माह से जारी गंदे, मटमैले एवं दूषित पेयजल वितरण तथा बदहाल सफाई व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर पालिका परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर किया जा रहा सांकेतिक धरना प्रदर्शन तीसरे दिन और अधिक आक्रामक रूप में जारी रहा। कांग्रेस नेताओं एवं पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन पर आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की तथा चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र जनआंदोलन में परिवर्तित किया जाएगा।
तीसरे दिन आयोजित धरना प्रदर्शन में पार्षद संदीप चौधरी के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश चौहान, आसिफ हुसैन, प्रमोदसिंह चौहान, रेखा राठौर, राजकुमार राठौर, सुशील जैन, अकरम शाह सहित अन्य कांग्रेसजन धरने पर बैठे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा परिषद के संरक्षण में नगरवासियों को मजबूरन ड्रेनेज मिश्रित एवं दूषित पानी पीना पड़ रहा है।
धरना प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब पार्षद आसिफ हुसैन (बंटु जी-9) ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ओपी गेहलोत को अपने वार्ड में सप्लाई हुए प्रदूषित एवं मटमैले पानी से भरी बोतल दिखाते हुए कहा कि यदि यह पानी जनता के पीने योग्य है तो आप स्वयं इसे पीकर दिखाएं। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस पार्षद दल ने आरोप लगाया कि नगर में लगातार गंदा, पीला एवं बदबूयुक्त पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे नागरिकों में पीलिया, डायरिया, उल्टी-दस्त एवं अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन नागदा नगर को भागीरथपुरा जैसी स्थिति में पहुंचाना चाहता है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के स्थायी समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसडीएम द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष संतोष ओपी गेहलोत, जल शाखा प्रभारी प्रकाश जैन को बचाते हुए प्रभारी सीएमओ रवि गुप्ता एवं जल कार्य विभाग के इंजीनियर हर्षित माथुर पर कार्रवाई करते हुए चार्ज तहसीलदार को सौंपने संबंधी पत्र कलेक्टर को भेजा गया है, जबकि कांग्रेस नेताओं के अनुसार पूरे शहर की मुख्य राइजिंग लाइन एयरटेल एवं गैस पाइपलाइन कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त होने के लिए जिम्मेदार इंजीनियर निलेश पंचोली पर भी कार्रवाई की जाना चाहिए। कांग्रेस का आरोप है कि उक्त लापरवाही के कारण पाइपलाइन में लीकेज हुआ और शहरवासियों को अशुद्ध पेयजल पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर के कई वार्डों में नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं तथा शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार धरना प्रदर्शन, ज्ञापन एवं जनसुनवाई में शिकायतों के बावजूद अशुद्ध पेयजल सप्लाई में कोई सुधार नहीं हुआ है, बल्कि समस्या दिन-प्रतिदिन और विकराल होती जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्षद दल द्वारा यह आंदोलन 12 मई 2026 से प्रारंभ किया गया था। आंदोलन के दूसरे दिन पार्षद प्रतिनिधि वासुदेव चौहान, रमेश लाडा, लोकेश चौहान, प्रमोदसिंह चौहान धरने पर बैठे थे।
धरने में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र शुद्ध पेयजल आपूर्ति एवं शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्षद दल शहरवासियों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन करेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्षद दल द्वारा यह आंदोलन 12 मई 2026 से प्रारंभ किया गया था। आंदोलन के दूसरे दिन पार्षद प्रतिनिधि वासुदेव चौहान, रमेश लाडा, लोकेश चौहान, प्रमोदसिंह चौहान धरने पर बैठे थे।
धरने में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र शुद्ध पेयजल आपूर्ति एवं शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्षद दल शहरवासियों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन करेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।



Comments
Post a Comment