पेट्रोल पंप और आबादी क्षेत्र के समीप संचालित आतिशबाजी गोदामों से बड़े हादसे की आशंका
- ग्राम नागुखेड़ी में फटाखा दुकानों को हटाने की मांग,,,
भारत सागर न्यूज/देवास। ग्राम टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद ग्राम पंचायत नागुखेड़ी, जनपद पंचायत देवास द्वारा जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर ग्राम आबादी क्षेत्र एवं पेट्रोल पंप के पास संचालित आतिशबाजी (फटाखा) दुकानों और गोदामों को हटाने की मांग की गई है।
पंचायत का कहना है कि इन दुकानों के कारण क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्राम पंचायत नागुखेड़ी की सरपंच श्रीमती यशोदा जसवंत दिवानिया के नेतृत्व में दिए गए आवेदन में बताया गया कि देवास-उज्जैन मुख्य मार्ग पर नोबल फायर वर्क्स, ताहेरी फायर वर्क्स एवं बुरहानी फायर वर्क्स नाम से होलसेल फटाखा दुकान एवं गोदाम संचालित किए जा रहे हैं।
इन स्थानों पर भारी मात्रा में आतिशबाजी सामग्री का भंडारण हमेशा रहता है। पंचायत ने आरोप लगाया कि संबंधित दुकानें और गोदाम मुख्य सड़क से लगे हुए हैं तथा इनके समीप ही पेट्रोल एवं सीएनजी पंप स्थित है। साथ ही आसपास घनी आबादी और आवासीय मकान भी मौजूद हैं। ऐसे में ज्वलनशील सामग्री के कारण आगजनी या विस्फोट जैसी दुर्घटना होने पर बड़ी जनहानि की आशंका बनी रहती है। आवेदन में कहा गया कि देवास-उज्जैन मार्ग पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसका प्रभाव आम नागरिकों, राहगीरों एवं आसपास के निवासियों पर गंभीर रूप से पड़ सकता है। ग्राम पंचायत ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित फटाखा दुकान एवं गोदामों को पेट्रोल पंप और आबादी क्षेत्र से दूर अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराया जाए। इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवास, अनुविभागीय अधिकारी देवास, तहसीलदार देवास तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवास को भी भेजी गई है।



Comments
Post a Comment