फसल बीमा दावा राशि में पारदर्शिता लाए प्रशासन - भारतीय किसान संघ खरीफ 2025 की पटवारी हल्केवार बीमा भुगतान की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग
भारत सागर न्यूज/देवास। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ वर्ष 2025 की दावा राशि के भुगतान को लेकर किसानों में असंतोष और संशय की स्थिति बनी हुई है। भारतीय किसान संघ, जिला देवास ने कृषि विभाग के उपसंचालक ज्ञानसिंह मोहनिया को ज्ञापन सौंपकर दावा राशि के भुगतान की विकासखंडवार एवं पटवारी हल्केवार विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। भारतीय किसान संघ ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 19 जुलाई 2026 को खरीफ वर्ष 2025 की फसल बीमा दावा राशि का भुगतान किया गया है, लेकिन देवास जिले में अनेक किसानों को प्राप्त हुई राशि उनकी वास्तविक फसल क्षति की तुलना में बेहद कम है।
कई किसानों को नाममात्र की राशि प्राप्त होने से किसानों के मन में बीमा दावे के निर्धारण एवं भुगतान प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। संगठन ने मांग की है कि देवास जिले की खरीफ 2025 की शॉर्टफॉल रिपोर्ट तथा प्रत्येक विकासखंड एवं प्रत्येक पटवारी हल्के की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाए। इसमें कुल बीमित किसान, कुल बीमित रकबा, कुल बीमित राशि, कुल भुगतान की गई दावा राशि, किसानों द्वारा जमा प्रीमियम अंश, राज्य सरकार का प्रीमियम अंश तथा केंद्र सरकार के प्रीमियम अंश की जानकारी शामिल हो।
भारतीय किसान संघ का कहना है कि जब किसानों से फसल बीमा प्रीमियम लिया जाता है और सरकार तथा किसानों द्वारा प्रीमियम का भुगतान किया जाता है, तो दावा राशि के निर्धारण और भुगतान का पूरा हिसाब किसानों के सामने भी स्पष्ट होना चाहिए। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि किस पटवारी हल्के में कितने किसानों का बीमा हुआ, कितनी बीमित राशि थी और कितनी दावा राशि का भुगतान किया गयाकृइसका पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए, ताकि किसानों को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके और फसल बीमा योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित हो।
ज्ञापन का वाचन जिला मंत्री शेखर पटेल किया । भारतीय किसान संघ जिलाध्यक्ष हुकुम चंद पटेल ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को भुगतान एवं दावा निर्धारण से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तो संगठन किसानों के हित में आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर वरिष्ठ प्रांतीय सदस्य रामप्रसाद सूर्या जिला प्रभारी एवं प्रांतीय सदस्य आनंद आंजना, संभागीय अध्यक्ष दशरथ पांड्या ,कोषाध्यक्ष केदारमल पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष नारायण मंडलोई, कार्यालय मंत्री आनंद मेहता , सहमंत्री चंपालाल मुकाती, सूर्यप्रकाश पाटीदार, गोकुल सिंह चौहान मूलचंद पाटीदार ,रामनारायण यादव, अनिल पाटीदार, ईश्वरलाल पटेल, राजेन्द्र जोशी, रवि यादव, प्रेम कारपेंटर, नरेन्द्र सिंह डाबी, माखन नाहर और अनुराग भंडारी आदि उपस्थित थे।




Comments
Post a Comment