देवास का अनूठा कार्यक्रम हरिहर मिलन महोत्सव 23 अगस्त को, मल्हार स्मृति मंदिर भवन में होगा भव्य आयोजन
भारत सागर न्यूज/देवास। भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान महादेव के दिव्य मिलन के भाव को समर्पित कृष्ण-हर मिलन महोत्सव का आयोजन 23 अगस्त, रविवार को प्रातः 9 बजे से मल्हार स्मृति मंदिर, सयाजी द्वार पर आयोजित होगा जिसमें श्रीकृष्ण करेंगे महादेव का अभिषेक और महादेव करेंगे कृष्ण का श्रृंगार। देवास के प्रवीण वर्मा एवं जयेश पडियार द्वारा आयोजित आयोजन में लड्डू गोपाल एवं भगवान महादेव का अभिषेक-पूजन, दिव्य श्रृंगार तथा संकीर्तन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार जगतजननी मां चामुंडा, करुणामयी भगवान श्री मदनमोहन जी की असीम अनुकंपा एवं पूज्य गुरुदेव भगवान की पावन प्रेरणा से यह भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है।
अभिषेक-पूजन एवं दिव्य संकीर्तन के पश्चात श्रद्धालु सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम में श्री मदनमोहन जी मंदिर, उज्जैन के परम पूज्य श्री गिरीश गोविंद शर्मा का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने बताया कि अभिषेक-पूजन में बैठने वाले श्रद्धालु अपने ठाकुरजी एवं शिवजी के साथ समय पर उपस्थित रहें। पूजन के लिए तरबाना (थाली), एक लोटा, शंख, भगवान के वस्त्र, आभूषण एवं मुकुट तथा स्वयं के बैठने के लिए एक आसन घर से लाने की सूचना दी गई है। अभिषेक एवं पूजन की समस्त सामग्री संस्था की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। उक्त जानकारी कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी शुभम वर्मा ने दी।



Comments
Post a Comment