कार्तिक मेला ग्राउंड के पास होटल संचालक का बेटा चोरी होते-होते बचा, सतर्क जनता ने दबोचा आरोपी
भारत सागर न्यूज/उज्जैन /संजय शर्मा।महाकाल की नगरी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कार्तिक मेला ग्राउंड के पास स्थित माली कैफे के संचालक अजय माली का मासूम पुत्र प्रिंस माली अपहरणकर्ताओं के चंगुल में जाते-जाते बाल-बाल बच गया। मुल्लापुरा से रामघाट मार्ग पर बने इस कैफे के बाहर खड़ी गाड़ी में चाबी लगी हुई थी और बालक उसी पर बैठा था। नीमच जिले के सिरखेड़ा गांव के रहने वाले सोनू पिता बंसीलाल चौधरी, जो हरसिद्धि के पास हार-फूल की दुकान पर काम करता है, ने इस मौके का फायदा उठाते हुए बच्चे पर नजर रखी और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने लगा।
बच्चे को अजनबी के साथ जाते देख आसपास के स्थानीय लोगों की तुरंत निगाह पड़ गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया, लेकिन आरोपी रुका नहीं। यह माजरा देखते ही बच्चे के पिता अजय माली ने अपनी दुकान से दौड़ लगा दी और कुछ ही दूरी पर आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान मौके पर यातायात एसआई लखन गौड़ अपनी टीम के साथ मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी को अपनी गिरफ्त में लेकर महाकाल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया है और परिजनों तथा आरोपी के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आम जनता की सजगता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। गनीमत यह रही कि लोगों की समय पर उठी आवाज और पिता की दौड़ ने मासूम की जान बचा ली, वरना आरोपी बच्चे को लेकर फरार हो जाता। इस सनसनीखेज वाकये के बाद स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह के शातिर किस्म के लोग शहर में दोबारा ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न जुटा सकें।



Comments
Post a Comment