बेसहारा पशुओं की रक्षक बनी शिवाज्ञा संस्था फाउंडेशन, सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए पहनाए रिफ्लेक्टर बेल्ट

 



भारत सागर न्यूज/देवास। सड़क दुर्घटनाओं में बेजुबान जानवरों की जान बचाने के उद्देश्य से शिवाज्ञा संस्था फाउंडेशन द्वारा एक बेहद सराहनीय और संवेदनशील कदम उठाया गया। संस्था के सदस्यों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम रहे बेसहारा गाय, सांड और कुत्तों के गले में रिफ्लेक्टर बेल्ट (रेडियम पट्टे) पहनाए।



अंधेरे में हादसों को रोकने की पहल-

अक्सर रात के अंधेरे या खराब मौसम में तेज रफ्तार वाहन चालकों को सड़क पर बैठे या घूमते हुए पशु दूर से दिखाई नहीं देते हैं। इसके परिणामस्वरूप गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें न केवल बेजुबान जानवरों की जान चली जाती है, बल्कि कई बार वाहन चालक भी गंभीर रूप से चोटिल हो जाते हैं। इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए शिवाज्ञा संस्था ने आज यह विशेष अभियान चलाया। संस्था द्वारा पहनाए गए इन विशेष रिफ्लेक्टर बेल्ट्स की खासियत यह है कि रात के समय दूर से किसी भी वाहन की हेडलाइट की रोशनी पड़ते ही ये चमकने लगते हैं। इससे वाहन चालक को काफी दूरी से ही सड़क पर जानवर की मौजूदगी का अहसास हो जाएगा और वे समय रहते अपने वाहन की गति नियंत्रित कर सकेंगे या दिशा बदल सकेंगे।



संस्था का संदेश और अपील-

शिवाज्ञा संस्था फाउंडेशन के सदस्यों ने इस अवसर पर कहा कि, सड़कों पर घूमने वाले ये बेजुबान अपनी पीड़ा किसी से कह नहीं सकते। इनकी रक्षा करना हम सभी का मानवीय और नैतिक कर्तव्य है। फाउंडेशन के इस पुनीत कार्य की स्थानीय नागरिकों और राहगीरों द्वारा खूब प्रशंसा की जा रही है। इसके साथ ही, संस्था ने आम जनमानस से भी अपील की है कि वे रात के समय वाहन सावधानी से चलाएं और अपने स्तर पर भी बेसहारा पशुओं के संरक्षण में अपना योगदान दें।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा