UPSC की तैयारी कर रहे दिव्यांग को मिली ₹50 हजार की जॉयस्टिक व्हीलचेयर भारत सरकार की ADIP योजना के माध्यम से स्नेह, सक्षम जिला नागदा इकाई एवं लायंस क्लब नागदा ग्रेटर की पहल
भारत सागर न्यूज/नागदा। दिव्यांगता के क्षेत्र में देश की सर्वश्रेष्ठ संस्था के राष्ट्रीय पुरुस्कार से सम्मानित एवं लायंस आफ नागदा की स्थायी परियोजना संस्था स्नेह, सक्षम जिला नागदा इकाई एवं लायंस क्लब नागदा ग्रेटर की पहल पर भारत सरकार की ADIP योजना के अंतर्गत ग्राम भांडला, तहसील खाचरौद, जिला उज्जैन निवासी संजय मकवाना, पिता मुकेश मकवाना को ₹50,000 मूल्य की अत्याधुनिक जॉयस्टिक व्हीलचेयर प्रदान की गई ।
संजय मकवाना ड्वार्फिज्म (Dwarfism) दिव्यांगता के कारण चलने-फिरने में काफी कठिनाइयों का सामना करते हैं । इसके बावजूद वे अपने जीवन में आगे बढ़ने के दृढ़ संकल्प के साथ UPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। दैनिक आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए संजय ने संस्था स्नेह से संपर्क कर जॉयस्टिक व्हीलचेयर के लिए आवेदन किया था।
स्नेह के संस्थापक डॉ. पंकज मारू ने बताया कि संजय की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए भारत सरकार की ADIP योजना के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO), कानपुर से संपर्क कर उनकी परिस्थितियों एवं आवश्यकता की जानकारी दी गई। ALIMCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) श्री प्रवीण कुमार के संज्ञान में प्रकरण आने के पश्चात तत्परता से कार्यवाही की गई। संस्था की पहल एवं ALIMCO के सहयोग से संजय का आवेदन शीघ्र स्वीकृत हुआ और मात्र एक दिन के भीतर व्हीलचेयर नागदा भेज दी गई।
जॉयस्टिक व्हीलचेयर मिलने से संजय को अब आवागमन में काफी सुविधा होगी तथा वे अपनी पढ़ाई एवं UPSC की तैयारी पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने संजय को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को आधुनिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर, सशक्त एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में स्नेह के सचिव विनय राज शर्मा, लायंस क्लब नागदा ग्रेटर के सतीश बजाज, सक्षम जिला नागदा इकाई के अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष दिनेश दसलानिया, जीवेंद्र बिसेन, केशव गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे । संस्था स्नेह एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयासों के माध्यम से दिव्यांगजनों को शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन एवं सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।




Comments
Post a Comment