भारतीय किसान यूनियन की बैठक में किसानों की समस्याओं पर हुआ गंभीर विचार-विमर्श



भारत सागर न्यूज/देवास। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (सूर्यवंशी) की एक महत्वपूर्ण बैठक राजनंदनी होटल देवास में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष सपना भरोसिया ने की, जिसमें जिले की कई महिला किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस बैठक में कृषि, पेंशन, निवास सुविधाओं और किसानों के कल्याण से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में शहर अध्यक्ष उज्जवला व्यास द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में किसानों की अनेक समस्याओं को उजागर किया गया। 




रिपोर्ट में यह बताया गया कि कई किसान निवास एवं पेंशन की सुविधा से वंचित हैं और अत्यंत दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं। इन समस्याओं को देखते हुए, जिला प्रभारी प्रेमलता परमार ने निर्णय लिया कि यूनियन की एक विशेष टीम ऐसे किसानों का गांवों में दौरा करेगी और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए प्रशासन से संपर्क करेगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सपना भरोसिया ने किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा, कि किसान देश की रीढ़ हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।




 हमारी यूनियन हर संभव प्रयास कर रही है कि किसानों को उनका हक दिलाया जाए। सरकार को चाहिए कि वह किसानों को निवास और पेंशन जैसी आवश्यक सुविधाएँ जल्द से जल्द उपलब्ध कराए। हमारी यूनियन हर स्तर पर किसानों की आवाज बुलंद करेगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पर दबाव बनाएगी।उन्होंने आगे कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उजागर करना नहीं, बल्कि समाधान तक पहुंचाना है। उन्होंने किसान बहनों को संगठित होकर अपनी मांगों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

किसान बहनों के आवेदन हुए स्वीकार-

बैठक में तहसील अध्यक्ष मोना मालवीय और जिला प्रभारी प्रेमलता परमार द्वारा विभिन्न किसानों के आवेदन पत्रों की समीक्षा की गई। इन आवेदनों को अग्रिम प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है, जिससे जल्द ही किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।



नई कार्यकर्ताओं का सम्मान-

इस अवसर पर संगठन में शामिल हुई नई महिला कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया और उन्हें संगठन की गतिविधियों से अवगत कराया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने नई कार्यकर्ताओं को संगठन के उद्देश्यों और आगामी कार्य योजनाओं की जानकारी दी। महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श के बाद, संगठन की आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई। बैठक में किसानों के हित में नए कार्यों को अमल में लाने के संकल्प के साथ सभी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Comments

Popular posts from this blog

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

शासकीय भूमि पर किया जा रहा पक्का निर्माण...!

भाजपा ने अपने ही विधायक को कारण बताओं नोटिस थमाया