देवास अभिभाषक संघ मनाएगा प्लेटिनम जुबली समारोह 11 अक्टूबर को, न्याय जगत की प्रतिष्ठित हस्तियाँ होंगी शामिल





भारत सागर न्यूज/देवास। देवास जिला अभिभाषक संघ के गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्लेटिनम जुबली समारोह का भव्य आयोजन आगामी 11 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को दोपहर 3:30 बजे से डागा पैलेस, देवास में किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के न्याय जगत की कई प्रतिष्ठित विभूतियाँ एक मंच पर उपस्थित होंगी।




कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधिपति जितेंद्र कुमार माहेश्वरी पधारेंगे। उनके साथ मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति संजीव सचदेवा, इंदौर खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायाधीश विवेक कुमार रूसिया एवं पोर्टफोलियो न्यायमूर्ति जयकुमार पिल्लई भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। साथ ही जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार मिश्रा, जो संघ के संरक्षक भी हैं, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।




इस अवसर पर जिला न्यायालय देवास में निर्मित “एन. डी. मूंदड़ा लॉयर्स चैंबर” का उद्घाटन माननीय अतिथियों के करकमलों से किया जाएगा। साथ ही संघ की 75 वर्ष की यात्रा, उपलब्धियाँ और अधिवक्ताओं के योगदान पर आधारित एक स्मारिका का विमोचन भी होगा। समारोह के दौरान 50 वर्ष से अधिक समय से न्यायालय में सतत प्रैक्टिस कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संघ अध्यक्ष अशोक वर्मा ने बताया कि यह आयोजन देवास के लिए गौरव का क्षण होगा। उन्होंने कहा, “देवास जैसे शहर में पहली बार सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के न्यायाधीश एक ही मंच पर एकत्रित होंगे। यह न केवल अभिभाषक संघ बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।” इस दौरान कार्यकारिणी सदस्य अतुल पंड्या, पंकज पंड्या, गीता शर्मा, श्वेतांक शुक्ला और दीपेंद्र तोमर भी उपस्थित रहे।
संघ अध्यक्ष ने बताया कि इस आयोजन में जिले के प्रशासनिक अधिकारी, न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि शामिल होंगे। 75 वर्ष की इस गौरवगाथा में देवास अभिभाषक संघ ने न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्लेटिनम जुबली समारोह न केवल अतीत की उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रो भी बनेगा।

Comments

Popular posts from this blog

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन