उज्जैन में आशा-उषा महिला संगठन ने आशा कार्यकर्ताओं के अधिकारों के लिए किया प्रदर्शन
भारत सागर न्यूज/उज्जैन( संजय शर्मा )। उज्जैन में आशा-उषा महिला संगठन ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए सरकार से आशा कार्यकर्ताओं के अधिकारों की मांग की। संगठन ने 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए उचित मानदेय, सुविधाएँ और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। संगठन की मांगों में आशा कार्यकर्ताओं को निश्चित मासिक मानदेय प्रदान करना, समान कार्य के लिए समान भुगतान करना, गैर विभागीय कार्यों पर रोक लगाना,
सेवानिवृत्ति उम्र में वृद्धि करना, स्मार्टफोन और इंटरनेट सुविधा प्रदान करना, किराया भत्ता प्रदान करना और कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल होने पर पूरी इलाज की सुविधा और विभाग से सुरक्षा देना शामिल है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण है, लेकिन उन्हें इसके बदले उचित मानदेय या वेतन नहीं दिया जाता।
उन्होंने सरकार से आशा कार्यकर्ताओं के अधिकारों की रक्षा करने की अपील की और उम्मीद जताई कि सरकार इन मांगों पर शीघ्र विचार करेगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई।
संगठन की पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगी।
Comments
Post a Comment