वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल व वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित
- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवास के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
भारत सागर न्यूज/देवास। वरिष्ठ नागरिक संस्था द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय देवास, सामाजिक न्याय विभाग एवं पुलिस सायबर सेल के सहयोग से वरिष्ठजनों के लिए डिजिटल एवं फाइनेंशियल लिटरेसी (वित्तीय साक्षरता) विषय पर एक महत्वपूर्ण विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को साइबर सुरक्षा, डिजिटल लेन-देन की सावधानियाँ तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट कुं. युवराजसिंह रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल युग में वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए जागरूक और सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल भुगतान करते समय ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तुरंत साइबर सेल या पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि रोहित श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवास ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि समाज के हर वर्ग को विधिक जानकारी मिल सके। उन्होंने वरिष्ठजनों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी।
सायबर सेल से आईं श्रीमती गीता कानूनगो, आरती जादौन एवं मोनू राणावत ने डिजिटल फ्रॉड के विभिन्न तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि कैसे ठग बैंक अधिकारी बनकर कॉल करते हैं, केवाईसी अपडेट के नाम पर जानकारी मांगते हैं या फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर खाते से राशि निकाल लेते हैं। उन्होंने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के सरल उपाय भी समझाए। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ नागरिक संस्था के अध्यक्ष ओ.पी. पाराशर के स्वागत भाषण से हुई।
उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह शिविर वरिष्ठजनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा और उन्हें आत्मविश्वास के साथ डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने में मदद करेगा। अतिथियों का स्वागत संस्था अध्यक्ष गंगासिंह सोलंकी ने अंगवस्त्र पहनाकर किया। अध्यक्ष कार्यक्रम का सफल संचालन गंगासिंह सोलंकी एवं श्याम कुमार शाह द्वारा किया गया। इस अवसर पर हिमांशु कुमार ढाली, श्रवण कुमार कानूनगो, बी.के. जोशी, बीसी ताकोणे, दिलीप उपाध्याय, रमेश रजक, बंशीधर चावडा, शीलनाथ आरस, कैलाशचंद्र नागर, रामसिंह केलकर, रश्मि पाण्डेकर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने इस प्रकार के ज्ञानवर्धक शिविरों के आयोजन के लिए संस्था एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया। अंत आभार गंगासिंह सोलंकी ने माना।





Comments
Post a Comment