महाकाल भक्तों के सुरक्षा कवच बने 'साइबर वारियर', पुलिस और इंजीनियरिंग छात्र मिलकर विफल करेंगे ठगों की हर चाल
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर उज्जैन में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के विशेष इंतजाम किए हैं। शहर में महाकालेश्वर मंदिर के आसपास छह प्रमुख स्थानों पर “साइबर वारियर हेल्प डेस्क” स्थापित किए गए हैं ताकि बाहर से आने वाले भक्तों को डिजिटल जालसाजों से सुरक्षित रखा जा सके।
इस विशेष पहल के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए एडिशनल SP ग्रामीण अभिषेक रंजन ने बताया कि बड़े आयोजनों के दौरान अक्सर फर्जी कैब बुकिंग, होटल धोखाधड़ी और मोबाइल चोरी जैसी घटनाएं सामने आती हैं। इन समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए यह डेस्क प्रभावी भूमिका निभाएंगे जहाँ यूपीआई फ्रॉड से लेकर भस्म आरती, शीघ्र दर्शन और प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर होने वाली ठगी की तुरंत शिकायत दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस की इस मुहिम को और अधिक सशक्त बनाने के लिए इस बार इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी तकनीकी सहयोग के लिए जोड़ा गया है। इस अभियान का हिस्सा बनीं कॉलेज स्टूडेंट पूर्वा भावसार ने बताया कि उनकी टीम श्रद्धालुओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ तकनीकी सहायता भी प्रदान करेगी।
इन डेस्क के माध्यम से श्रद्धालुओं को जागरूक किया जा रहा है कि यदि उन्हें फोन हैक होने का संदेह हो तो वे #21# डायल कर इसकी जांच कर सकते हैं और ##002## डायल करके किसी भी प्रकार की कॉल फॉरवर्डिंग को बंद कर सकते हैं।
मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में केंद्र सरकार के पोर्टल के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कराने में भी यहाँ मदद दी जा रही है। उज्जैन पुलिस और राज्य साइबर क्राइम पुलिस की इस संयुक्त पहल का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को एक भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है ताकि वे बिना किसी मानसिक तनाव के बाबा महाकाल के दर्शन कर सकें।





Comments
Post a Comment