श्रीपुरम कॉलोनी में अंधेरे का लाभ उठाकर लाखों की चोरी: सूने मकान से नगदी और सोने के जेवरात लेकर चोर फरार, कॉलोनाइजर की लापरवाही पर फूटा गुस्सा




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । उज्जैन के चिमनगंज थाना अंतर्गत ढांचा भवन क्षेत्र स्थित श्रीपुरम कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था की भारी चूक के चलते बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने देर रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच कॉलोनी के रहवासी राजीव द्विवेदी के घर को निशाना बनाया और ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोर घर में रखे लगभग 80 हजार रुपये नगद और सोने के कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। 




घटना की जानकारी मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इस वारदात के बाद से पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है और रहवासी अपनी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। रहवासियों ने इस घटना के पीछे सीधे तौर पर कॉलोनाइजर निर्मल सेठिया की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि कॉलोनी की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी थीं और बार-बार शिकायत के बाद भी उन्हें चालू नहीं कराया गया, जिससे रात के समय वहां पसरे अंधेरे का फायदा चोरों को मिला।



सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्ट्रीट लाइट का लगभग 48 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया होने के कारण विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया था, जिसके चलते बदमाशों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई। इतना ही नहीं, कॉलोनी में बिजली चोरी और पानी सप्लाई को लेकर भी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। 




नियमों के विपरीत एक ही ट्यूबवेल मशीन से क्षमता से अधिक 12 से 13 घरों में पानी की सप्लाई दी जा रही है, जिससे मोटर पर अत्यधिक भार पड़ता है और शॉर्ट सर्किट का खतरा बना रहता है। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित ईडब्ल्यूएस मकानों को भी नियमों की अनदेखी कर ऊंचे दामों पर बेचने के गंभीर आरोप कॉलोनाइजर पर लग रहे हैं। आक्रोशित रहवासियों ने चिमनगंज थाना पुलिस और जिला प्रशासन से मांग की है कि चोरी की इस घटना के साथ-साथ कॉलोनाइजर की तमाम लापरवाहियों की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लग सके।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन