मानवता हुई शर्मसार : पति को पत्नी के कंधे पर बैठाकर पूरे गांव में घुमाया......

प्रेमी के घर मिली पत्नी, पति सहित अन्य लोगों ने पीटा, पुलिस ने 11 लोगों पर किया प्रकरण दर्ज



देवास। जिले के बागली में पुंजापुरा क्षेत्र के ग्राम बोरपड़ाव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। जिसमें अमानवीयता की हद पार करते हुए लोग दिखाई दिए जो महिला के बाल खींचकर उसे मार रहे थे। इसी बीच मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ तमाशा देखती हुई नजर आ रही थी। दरअसल गांव की महिला अपने पति को छोडक़र अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। जहां लोगों ने रविवार को प्रेमी के घर से महिला को ढूंढ निकाला और फिर उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद पति को कंधे पर बैठाकर उस गली में घुमाया था। पत्नी को जूतों की माला भी पहनाई गई थी इसका विडियो बनाकर लोगों ने वायरल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने पति सहित 11 अरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। 



घटना जिले के पुंजापुरा के बोरपड़ाव गांव में रविवार दोपहर की बताई जा रही है। इसका विडियो अब सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला 1 हफ्ते पहले घर से लापता हो गई थी। पति और ससुराल वालों ने उसे खूब ढूंढा। नहीं मिली तो उदयनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। रविवार को पति को किसी से जानकारी दी कि उसकी पत्नी गांव में ही अपने प्रेमी के घर पर है। इसके बाद पति और ससुराल के लोग उसे तलाशते हुए प्रेमी के घर पहुंचे। वहां महिला पेटी में छिपी हुई मिली। आरोपियों ने उसे बाहर निकाला और पूरे गांव के सामने जमकर पीटा। उक्त घटना को लोग तमाशबीन होकर देखते रहे। बताया गया है कि महिला के तीन बच्चे हैं। वो पिछले एक हफ्ते से अपने पुरुष दोस्त के साथ रह रही थी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की है। ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पति समेत 11 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। 



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीडि़त महिला का पति उसे अक्सर प्रताडि़त करता और मारपीट करता था। जिससे परेशान होकर वो स्वेच्छा से गांव में ही रहने वाले हरि सिंह के घर चली गई थी, बाद में पति ने उसे पकड़ लिया और ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव में जुलूस निकाला गया। महिला के साथ कई लोगों द्वारा मारपीट की गई। उसके बाल काट दिए गए और उसके कंधे पर पति को बैठाया गया। यह घटनाक्रम काफी देर तक चलता रहा। सूचना मिलने के बाद डायल 100 वाहन से पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व उसके परिचित हरि सिंह को बचाकर लाया गया।



बच्चों ने प्रेमी के साथ देखा तो पिता को बताया

पुलिस ने महिला को उसके मायके भेज दिया है। परिजनों के बताए अनुसार इस महिला की महज 15 साल की उम्र में शादी हो गई थी। 30 साल की महिला की दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी 13 साल और छोटी 10 साल की है। बेटे की उम्र 8 साल है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बच्चों ने अपनी मां को उसके प्रेमी के साथ देख लिया था। यह बात उन्होंने अपने पिता को बता दी। इस पर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसके बाद ही महिला घर छोडक़र चली गई थी।

11 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज

इस मामले में फरियादी हरि सिंह की शिकायत पर आरोपी मांगीलाल, मुकेश, सीताराम, राहुल, नानूराम, गब्बर, बालू, भोलिया, धर्मेंद्र करण, छोटू व 10-12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 354, 323, 452 सहित कुल 11 धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। 11 में से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय ने जेल भेज दिया है। 


Comments

Popular posts from this blog

मध्यप्रदेश की विधानसभा के विधानसभावार परिणाम .... सीधे आपके मोबाइल पर | election results MP #MPelection2023

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

क्या देवास में पवार परिवार के आसपास विघ्नसंतोषी, विघटनकारी असामाजिक, अवसरवादियों सहित अवैध व गैर कानूनी कारोबारियों का जमघट कोई गहरी साजिश है ? या ..... ?