बाढ़ प्रभावित पुल-पुलियों के मार्ग पर की जा रही बैरिकेडिंग Barricading is being done on the routes of flood affected bridges and culverts.
- कलेक्टर सिंह ने बाढ़ का पानी आने पर मार्ग को बंद करने तथा गार्ड तैनात करने के दिए निर्देश
- वर्षा के दौरान सावधानी रखने की आम नागरिकों से कलेक्टर ने की अपील
भारत सागर न्यूज/सीहोर। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी राजस्व अधिकारी तथा नगर पालिका अधिकारियों को अपने क्षेत्र के पुल, पुलियों, रपटों पर पानी आने पर बैरिकेड लगाकर आवागमन बंद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऐसे स्थान पर गार्ड की तैनाती करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिन रास्तों पर वर्षा के दौरान आवागमन जोखिम भरा है उन रास्तों पर आवागमन रोकने के भी निर्देश दिए हैं।
राजस्व अमले द्वारा जिले के ग्राम कोठरी में सड़क पर बाढ़ का पानी आ जाने पर मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। ताकि बाढ़ की स्थिती में कोई पुल पार न करे। साथ ही गार्डों की तैनाती की गई हैं। जिले की अन्य भागों में यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। पिछले 24 घंटे से जिले में लगातार वर्षा होने से निचले स्थानों में जल स्तर बढ़ रहा है। जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है, कि पुल, पुलिया, रपटों पर पानी होने पर उसे पार नहीं करें तथा झरनों तथा जल भराव वाले स्थान पर नहीं जाएं।
वर्षा के दौरान सावधानी रखने की आम नागरिकों से कलेक्टर ने की अपील
वर्षा के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक नदी, तालाब व डेम के आसपास पिकनिक मनाने जाते हैं । कई बार थोडी सी लापरवाही से बड़ी घटनाएं घटित हो जाती हैं। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सभी नागरिकों से खतरनाक और गहरे पानी वाली जगहों पर नहीं जाने की अपील की है। कलेक्टर सिंह ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को नदी, तालाब, पोखर में नहाने अथवा पिकनिक के लिए जाने से मना करें।
कलेक्टर सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नाले, पुल, पुलिया, रपटा पर जलभराव की स्थिति में वहां से गुजरने वाले रास्तों को बाढ़ एवं पानी होने की स्थिति में पार न करें। इसके साथ ही कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि जिले के सभी तालाबों, डेम, नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखें और स्थानीय लोगों से सम्पर्क में रहें। कलेक्टर सिंह ने वर्षा, जल भराव और अतिवृष्टि की स्थिति में लोगों को ऐसी जगहों से हटाने और वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गहरे पानी वाली जगहों पर लोगों को जाने से रोकने के निर्देश दिए हैं।
इसे भी पढे - देवास-भोपाल रोड पर दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने बस में की तोडफोड़


Comments
Post a Comment