प्रमोद डोंगलिया बने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के देवास जिला अध्यक्ष
भारत सागर न्यूज/देवास। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, मध्यप्रदेश द्वारा संगठन विस्तार की दिशा में जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है। इसी क्रम में देवास जिले की कमान प्रमोद मोहनलाल डोंगलिया को सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह नियुक्ति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार द्वारा प्रदेश नेतृत्व तथा भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव की सहमति से की गई। डोंगलिया लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहकर पार्टी की विभिन्न गतिविधियों में उल्लेखनीय भूमिका निभाते रहे हैं। जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता, सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए यह दायित्व उन्हें सौंपा गया है।
देवास में उनकी नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का वातावरण है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में अनुसूचित जाति मोर्चा जिले में और अधिक सशक्त, सक्रिय और व्यापक स्वरूप में सामने आएगा।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष प्रमोद डोंगलिया ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी डोंगलिया को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में मोर्चा देवास जिले में नई ऊर्जा, नई दिशा और नए विस्तार के साथ आगे बढ़ेगा। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।




Comments
Post a Comment