देवास में 14 साल बाद भी घर-घर गैस सेवा अधूरी, तेजी से काम शुरू करने की मांग...




भारत सागर न्यूज/देवास। शहर में पाइपलाइन के जरिए रसोई गैस (PNG) पहुंचाने की योजना को शुरू हुए लगभग 14 साल होने को आए, लेकिन अब तक यह सेवा पूरी तरह लागू नहीं हो सकी है। वर्ष 2012 में केंद्र सरकार ने इस योजना को मंजूरी दी थी और इसका जिम्मा GAIL Gas Limited को सौंपा गया था।




पूर्व सांसद सज्जन सिंह वर्मा के कार्यकाल में शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य देवास शहर के हर घर तक पाइपलाइन गैस पहुंचाना था। हालांकि, इतने वर्षों के बाद भी शहर के कई वार्ड इस सुविधा से वंचित हैं।




जानकारी के अनुसार, कुछ कॉलोनियों में PNG गैस सेवा कई साल पहले शुरू हो चुकी है, लेकिन विक्रम मार्ग, भवानी सागर और कुमार गली जैसे क्षेत्रों में अभी तक गैस सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। इन इलाकों में कंपनी द्वारा पहले ही घरों से सहमति लेकर कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। यहां तक कि घरों की दीवारों पर मीटर और पाइपलाइन फिटिंग भी कर दी गई है, लेकिन तीन महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद गैस की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, जिससे लगाए गए उपकरण बेकार पड़े हैं।




इधर, रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर एक नई नीति के तहत यह निर्णय लिया गया है कि जिन घरों में PNG कनेक्शन होगा, उन्हें LPG सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। ऐसे में जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन गैस चालू नहीं हुई है, वहां के रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।




कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि कंपनी तेजी से काम करती, तो आज देवास के हर घर में PNG गैस पहुंच चुकी होती। उन्होंने मांग की है कि GAIL Gas Limited शहर के शेष वार्डों में जल्द से जल्द पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू करे और जिन घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां तुरंत गैस सप्लाई चालू की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस योजना के अधूरे रहने के कारण उन्हें असुविधा हो रही है। अब प्रशासन और कंपनी से अपेक्षा की जा रही है कि कार्य में तेजी लाकर जल्द ही सभी घरों तक गैस सेवा उपलब्ध कराई जाए।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन