गलगोटिया के बाद अब अमलतास? मानद उपाधि की टंकण त्रुटि ने खड़े किए बड़े सवाल?? जिलाध्यक्ष की पोस्ट से सामने आए त्रुटिपूर्ण उपाधि पत्र ने खोली लापरवाही की परतें, अब विद्यार्थियों के प्रमाणपत्रों की शुद्धता पर भी चिंता
राहुल परमार, 9425070079/देवास। फरवरी 2026 में गलगोटिया यूनिवर्सिटी का नाम उस समय देशभर में चर्चा और ट्रोलिंग का विषय बन गया था, जब इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो में चीन में बने ‘रोबोटिक कुत्ते’ को अपना इनोवेशन बताकर पेश किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया। बाद में इसे ‘कम्यूनिकेशन एरर’ बताया गया, माफी भी मांगी गई, लेकिन तब तक संस्थान की साख पर सवाल उठ चुके थे। अब देवास में अमलतास विश्वविद्यालय का मामला भी कुछ वैसी ही चर्चा को जन्म देता दिखाई दे रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि वहां विवाद कथित इनोवेशन को लेकर था, जबकि यहां सवाल सीधे दस्तावेज़ीय शुद्धता, प्रबंधन की सतर्कता और संस्थागत जवाबदेही पर खड़े हो गए हैं।
अमलतास विश्वविद्यालय द्वारा दी गई एक मानद उपाधि अब सम्मान से ज्यादा सवालों का विषय बन गई है। देवास जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव की सोशल मीडिया पोस्ट से सामने आए इस उपाधि पत्र में दिखीं टंकण और भाषा संबंधी त्रुटियों ने पूरे मामले को साधारण भूल से उठाकर बड़ी प्रशासनिक लापरवाही की बहस में ला खड़ा किया है। सवाल अब सिर्फ इतना नहीं रह गया कि प्रमाणपत्र में गलती कैसे हुई, बल्कि यह है कि इतनी अहम प्रक्रिया में जांच, प्रूफरीडिंग और जवाबदेही आखिर कहां गायब हो गई।
जिस दस्तावेज़ के जरिए किसी व्यक्ति को सम्मानित किया जाना था, वही अब विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष का कारण बन गया है। उपाधि पत्र में सामने आई खामियां यह संकेत देती हैं कि मामला केवल टंकण त्रुटि तक सीमित नहीं, बल्कि गुणवत्ता नियंत्रण की कमी तक जाता है। कोई भी आधिकारिक प्रमाणपत्र केवल कागज़ का टुकड़ा नहीं होता, वह संस्थान की साख, गंभीरता और भरोसे का सार्वजनिक दस्तावेज़ होता है। ऐसे में यदि वही दस्तावेज़ बुनियादी स्तर पर त्रुटिपूर्ण मिले, तो सवाल शब्दों पर नहीं, व्यवस्था पर उठते हैं।
यह मामला इसलिए भी ज्यादा गंभीर हो गया है क्योंकि यह उपाधि पत्र किसी बंद कमरे से नहीं, बल्कि जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव की सोशल मीडिया पोस्ट से सार्वजनिक रूप से सामने आया है। जब एक पदेन और सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति को दिया गया दस्तावेज़ ही इस स्तर का दिखाई दे, तो आम विद्यार्थियों को जारी किए गए प्रमाणपत्रों की स्थिति को लेकर भी स्वाभाविक रूप से चिंता बढ़ जाती है। शहर के राजनीतिक और शैक्षणिक गलियारों में अब यही चर्चा है कि यह टाइपिंग मिस्टेक नहीं, सिस्टम की स्लिप है।
जानकारी अनुसार, अमलतास विश्वविद्यालय पहले भी विवादों से अछूता नहीं रहा है। पूर्व में एनरोलमेंट को लेकर कई छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने की बातें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में यह नया प्रकरण किसी अकेली चूक की तरह नहीं, बल्कि पहले से चर्चा में रही अव्यवस्थाओं की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। प्रबंधन भले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की जुगत में होने की बात करे, लेकिन इतने महत्वपूर्ण मंच पर त्रुटिपूर्ण दस्तावेज़ का पहुंच जाना खुद बहुत कुछ कह देता है।
गौरतलब है कि यह उपाधि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान प्रदान की गई। कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक तथा उपमुख्यमंत्री एवं देवास जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा की उपस्थिति रही। इसके साथ ही देवास विधायक गायत्री राजे पवार, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, कई अधिकारी, विधायकगण और विश्वविद्यालय के मालिक सहित प्रबुद्धजन शामिल थे। इतने बड़े नेताओं, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में यदि इस प्रकार का त्रुटिपूर्ण दस्तावेज़ मंच तक पहुंच जाए, तो यह चूक साधारण नहीं मानी जा सकती।
लेकिन इस पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू केवल जिलाध्यक्ष को दिया गया उपाधि पत्र नहीं है। असली चिंता तो उन विद्यार्थियों को लेकर है, जो इसी दीक्षांत समारोह में अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत का पहला आधिकारिक दस्तावेज़ लेकर निकले होंगे। किसी छात्र के लिए डिग्री या प्रमाणपत्र महज औपचारिक कागज़ नहीं, बल्कि नौकरी, उच्च शिक्षा, सत्यापन और पेशेवर पहचान की पहली सीढ़ी होता है। यदि उसी दस्तावेज़ पर टंकण त्रुटियां, भाषा संबंधी खामियां या प्रिंटिंग की लापरवाही मौजूद हो, तो वह आगे चलकर नेगेटिव इम्प्रेशन का कारण बन सकती है।
आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कोई भी प्रमाणपत्र केवल अंकों का नहीं, प्रस्तुति और विश्वसनीयता का भी दस्तावेज़ होता है। नौकरी की मेज पर, प्रवेश प्रक्रिया में, या किसी आधिकारिक सत्यापन के दौरान प्रमाणपत्र पर छपी एक गलत स्पेलिंग भी दस्तावेज़ की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर सकती है। ऐसे में यह सवाल अब और भी तीखा हो गया है कि कहीं जिलाध्यक्ष के सम्मान के साथ-साथ विश्वविद्यालय ने युवाओं के भविष्य को भी जोखिम में तो नहीं डाल दिया। यदि मानद उपाधि के स्तर पर ऐसी चूक संभव है, तो दीक्षांत समारोह में अन्य विद्यार्थियों को दिए गए प्रमाणपत्रों की स्थिति पर भी गंभीरता से नजर डालने की जरूरत महसूस की जा रही है।
जानकारी अनुसार, इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए प्रबंधन लगातार जुगत में लगा हुआ है। लेकिन विडंबना यही है कि यदि सुधार की कवायद सचमुच जारी थी, तो फिर इतने बड़े आयोजन में ऐसा दस्तावेज़ आखिर कैसे जारी हो गया। बड़े नेताओं, उपमुख्यमंत्री और विधायकों के सामने हुई इस गलती का ठीकरा अब किस पर फोड़ा जाएगा, यह आने वाला समय बताएगा। फिलहाल, जवाब कम और सवाल ज्यादा दिखाई दे रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने गलियारों में एक और तुलना को जन्म दिया है। गलगोटिया प्रकरण में भी शुरुआत एक कथित ‘त्रुटि’ से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला संस्थान की विश्वसनीयता तक जा पहुंचा। देवास में सामने आया अमलतास विश्वविद्यालय का यह मामला भले अलग प्रकृति का हो, लेकिन संकेत लगभग वही देता है—जब संस्थान अपने दस्तावेज़ों, दावों और प्रस्तुतियों में बुनियादी सावधानी नहीं बरतते, तो गलती तकनीकी नहीं रह जाती, प्रतिष्ठा पर चोट बन जाती है। अब फुसफुसाहट यह भी है कि जैसे गलगोटिया का नाम एक विवाद के बाद सोशल मीडिया पर ट्रेंड और ट्रोलिंग का विषय बना, क्या अब अमलतास विश्वविद्यालय भी उसी राह पर बढ़ रहा है?
फिलहाल, इस मामले में विश्वविद्यालय की ओर से कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। वहीं, जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव की तरफ से भी कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, यह उपाधि पत्र जिलाध्यक्ष की सोशल मीडिया पोस्ट से ही सामने आया है, जिसके बाद यह पूरा मामला अब सार्वजनिक चर्चा, कटाक्ष और गंभीर सवालों का विषय बन गया है।
साफ है, यह मामला अब केवल एक प्रमाणपत्र की गलती भर नहीं रह गया है। यह उस मानसिकता का आईना बनता दिख रहा है, जिसमें मंच की भव्यता, आयोजन की चमक और सम्मान के औपचारिक क्षण तो सहेज लिए जाते हैं, लेकिन दस्तावेज़ की शुद्धता, प्रक्रिया की गंभीरता और संस्थान की विश्वसनीयता कहीं पीछे छूट जाती है। अब सवाल सिर्फ यह नहीं कि टंकण त्रुटि कैसे हुई; असली सवाल यह है कि क्या यह एक चूक थी, या फिर उस बड़ी लापरवाही की झलक, जो सम्मान के मंच से निकलकर युवाओं के भविष्य तक असर छोड़ सकती है।



Comments
Post a Comment