जर्जर स्कूल भवनों को गिराने के कलेक्टर ने दिए निर्देश Collector gave instructions to demolish dilapidated school buildings
- 25500 किसानों से खरीदी गई 70 हजार मेट्रिक टन मूंग
- राजस्व महा अभियान में अधिक से अधिक प्रकरणों का करें निराकरण- कलेक्टर सिंह
- दस्तक अभियान में 47481 बच्चों की हुई स्क्रीनिंग
भारत सागर न्यूज/सीहोर। समय-सीमा पत्रकों के निराकरण के लिए कलेक्टर प्रवीण सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर सिंह ने सभी अधिकारियों को पूर्व से विभागीय लंबित आवेदनों के निराकरण करने और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए और कहा कि सभी विभाग अपनी विभाग की लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें। उन्होंने विभागवार सीएम हेल्पलाइन की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर सिंह ने सीएम हेल्पलाइन के गंभीरता से आमजन की शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने निर्देश दिए कि जिले के सभी स्कूलों के भवनों का निरीक्षण किया जाए। जिन स्कूलों के भवन जर्जर स्थिती में हैं, उन्हें तत्काल गिरानें की कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही ऐसे स्कूलों के छात्र-छात्रओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिले में लगातार वर्षा का दौर जारी है, सभी अधिकारी अलर्ट रहें और बाढ़ तथा जल भराव की स्थिती में तत्काल बचाव एवं राहत की कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री सिंह ने वनखण्डों के व्यवस्थापन के साथ ही वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर सिंह ने लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली बढ़ाने के सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि 3 करोड़ 42 लाख 69 हजार से अधिक की राजस्व वसूली की जा चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने कोई बोरवेल खुला न रहे यह सुनिश्चित करने के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति तथा पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, नितिन टाले, आनंद सिंह राजावत, डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुशवाह एसडीएम जमील खान, तन्मय वर्मा, स्वाति मिश्रा सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे। जिले के सभी जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
राजस्व महा अभियान मे अधिक से अधिक प्रकरणों का करें निराकरण
कलेक्टर सिंह ने राजस्व महा अभियान के तहत पूरी गंभीरता से अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने सभी राजस्व अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व महाभियान के तहत वह छुट्टी पर नही जाएं। बैठक में जानकारी दी गई कि आरसीएमएस के लंबित 483, अभिलेख दुरूस्तीकरण के 523, नामांतरण के 1330 तथा बटवारा के 152 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। नक्शा तरमीम के 23439 प्रकरण निराकृत किए गए।
मूंग उपार्जन
मूंग उपार्जन की समीक्षा के दौरान बैठक में जानकारी दी गई कि कुल 70 हजार मेट्रिक टन मूंग की खरीदी की गई है। यह मूंग 25 हजार 500 किसानों से खरीदी गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिन किसानों का भुगतान शेष रह गया है, उन्हें तत्काल भुगतान किया जाए।
दस्तक अभियान में 47481 बच्चों की हुई स्क्रीनिंग
दस्तक अभियान के तहत कलेक्टर सिंह ने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप बच्चों की स्क्रीनिंग की जाए तथा कुपोषण पाए जाने पर उन्हें एनआरसी में भर्ती किया जाए। दस्तक अभियान के तहत अभी तक शून्य से 05 वर्ष के 47481 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई है। कलेक्टर सिंह ने दस्तक अभियान के संचालन में सहयोग करने वाले सभी विभागों को समन्वय कर अधिक से अधिक बच्चों की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए।
भू-अर्जन एवं मुआवजा वितरण की विस्तृत समीक्षा
बैठक में कलेक्टर सिंह ने रेल, नेशनल हाईवे एवं सिंचाई परियोजनाओं सहित अन्य शासकीय कार्यों के लिए भूमि अधिग्रहण तथा मुआवजा वितरण की समीक्षा करते हुए राजस्व विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यवाही तेजी से की जाए ताकि परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिन विभागों को शासकीय भूमि आवंटित की गई है उन विभागों के अधिकारी राजस्व रिकार्ड में विभाग के नाम से दर्ज कराएं।



Comments
Post a Comment