देवास का वीर सावरकर तरणताल बना खतरे का केंद्र, मुख्य दीवार झुकी – बड़ा हादसा कभी भी हो सकता है।
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम परिसर स्थित वीर सावरकर तरणताल में एक बड़ी दुर्घटना की आशंका गहराती जा रही है। तरणताल की पश्चिम दिशा में स्थित मुख्य दीवार का बड़ा हिस्सा बाहर की ओर झुक गया है,
जबकि शेष दीवारें भी अंदर की ओर दबती नजर आ रही हैं। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो यह दीवार कभी भी गिर सकती है और सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
गर्मी के मौसम में तरणताल में प्रतिदिन लगभग 400 से 500 लोग तैराकी के लिए पहुंचते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे और बच्चियां शामिल हैं। ऐसी स्थिति में दीवार के गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों में इसको लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।
विशेषज्ञों का मानना है कि दीवार की स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी है और यह किसी भी क्षण ढह सकती है। सुरक्षा के लिहाज़ से तुरंत कुछ कदम उठाए जाने की आवश्यकता है :-
तरणताल को तत्काल बंद किया जाए....
मुख्य दीवार की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू हो....
पूरा सुरक्षा ऑडिट करवाया जाए....
अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण और खेल विभाग के अधिकारियों पर टिकी हैं। नागरिकों की मांग है कि संबंधित विभाग तत्काल निरीक्षण कर तरणताल में आने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और संभावित खतरे को समय रहते टालने के लिए ठोस कदम उठाएं।






Comments
Post a Comment