टीबी, HIV और अन्य रोगों की स्क्रीनिंग के लिए व्यापक स्वास्थ्य शिविर आयोजित.....!
भारत सागर न्यूज/देवास। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमरीन शेख के मार्गदर्शन में एडवांस इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सोसाइटी द्वारा सोनिया गांधी नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में एक एकीकृत स्वास्थ्य शिविर (इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंप) का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया गया। HIV और सिफलिस की स्क्रीनिंग, काउंसलिंग एवं टेस्टिंग कराई गई, साथ ही हेपेटाइटिस-C की जांच तथा टीबी (Tuberculosis) के लक्षणों की स्क्रीनिंग भी की गई।
संभावित टीबी मरीजों के बलगम के सैंपल एकत्र किए गए और मौके पर X-ray की सुविधा भी प्रदान की गई। टीबी के संपर्क में आए व्यक्तियों का Cy-TB टेस्ट कर प्रारंभिक स्तर पर जांच सुनिश्चित की गई।
इसके अतिरिक्त, शिविर में ब्लड शुगर की जांच की गई तथा मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। महिला एवं पुरुषों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।
इस स्वास्थ्य शिविर में जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमरीन शेख के साथ दिशा क्लस्टर से जी. पी. खरे एवं श्रीमती शोभी गुप्ता की उपस्थिति रही।
इसके अलावा टीबी स्टाफ, एम्स स्टाफ, तुमुल स्टाफ एवं विहान स्टाफ ने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
यह जनहित में आयोजित शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि स्थानीय नागरिकों में स्वास्थ्य जागरूकता और गंभीर रोगों की समय पर पहचान के महत्व को भी उजागर करने में सहायक सिद्ध हुआ। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य विभाग का आभार प्रकट किया।





Comments
Post a Comment