रसूलपुर से छोटा टिगरिया मार्ग वर्षों से अधूरा, जनसुनवाई में उठा मामला.......




भारत सागर न्यूज/देवास। देवास  जिले के रसूलपुर से छोटा टिगरिया तक प्रस्तावित 7 किलोमीटर लंबी डामरीकरण सड़क का निर्माण कार्य पिछले ढाई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 




निर्माण की धीमी गति और घटिया गुणवत्ता को लेकर नागरिकों में गहरा आक्रोश है। इस जनसमस्या को लेकर सामाजिक संस्था नेशनल यूनिटी ग्रुप ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर तत्काल निर्माण कार्य पुनः शुरू करवाने की मांग की है।




संस्था के अध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि इस सड़क निर्माण में ठेकेदार मोहित अग्रवाल द्वारा लापरवाही बरती गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा ठेका भले ही रद्द कर दिया गया हो, लेकिन भोपाल से आदेश निरस्त न होने के कारण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। संस्था ने बताया कि यह मार्ग इंदौर रोड पर लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने में मददगार साबित हो सकता है। यदि यह सड़क पूरी हो जाती है, तो देवास एवं हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही सुगम हो सकेगी और परिवहन की गति में भी सुधार आएगा।




संस्था ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, जिसके कारण कई स्थानों पर सड़क पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जबकि कार्य अभी पूर्ण भी नहीं हुआ है। 


यह भी पढ़े :- इंदौर-देवास राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली पर अदालत का कड़ा कदम: एनएचएआई और ठेकेदार को जवाब देने का आदेश!

नेशनल यूनिटी ग्रुप ने मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। संस्था ने आग्रह किया है कि कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और लोक निर्माण विभाग द्वारा ठेकेदार को किए गए भुगतान की भी जांच की जाए। 



संस्था की मांग है कि ठेकेदार मोहित अग्रवाल को ब्लैकलिस्ट किया जाए तथा शीघ्रातिशीघ्र निर्माण कार्य दोबारा प्रारंभ किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और जनहित प्रभावित न हो। संस्था के पदाधिकारियों सुनील सिंह ठाकुर, हटे सिंह दरबार, खुमान सिंह बैंस, प्रकाश सिंह ठाकुर, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, जितेंद्र मारू, सुनील वर्मा, रवि ठाकुर, रफीक पठान, राहुल परमार, गुड्डू मसाले वाला आदि ने आशा व्यक्त की है कि जिला प्रशासन शीघ्र प्रभावी कदम उठाकर इस गंभीर समस्या का समाधान करेगा।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन