ग्राम बिरियाखेड़ी में बाल चौपाल का आयोजन, 30 बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
भारत सागर न्यूज/संजय शर्मा/खाचरोद। महिला एवं बाल विकास विभाग उज्जैन एवं रॉकेट लर्निंग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में संचालित मिशन नीव के अंतर्गत मंगलवार को ग्राम बिरियाखेड़ी की आंगनवाड़ी केंद्र पर बाल चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 30 बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मिशन नीव के जिला समन्वयक लोकेन्द्र सिंह तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में खाचरोद परियोजना के घिनौदा सेक्टर अंतर्गत यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बाल चौपाल का उद्देश्य बच्चों को खुलकर अपनी बात रखने, समूह में चर्चा करने तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करना है।
चौपाल के दौरान बच्चों के साथ संवाद सत्र, कहानी वाचन, गीत-संगीत, खेल आधारित गतिविधियां तथा सामान्य ज्ञान से जुड़ी चर्चाएं आयोजित की गईं। साथ ही बच्चों को स्वच्छता, शिक्षा के महत्व, नियमित उपस्थिति और अच्छे व्यवहार के संबंध में भी समझाइश दी गई।
प्रभारी परियोजना अधिकारी भारती पंचोली एवं पर्यवेक्षक सुनीता साहनी ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं और उनमें आत्मविश्वास व अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करती हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।





Comments
Post a Comment