उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय सिनेमा का महाकुंभ, 30 देशों की फिल्मों संग सजेगा 'एंशिएंट स्प्लेंडर'




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । बाबा महाकाल की नगरी में 'विक्रम उत्सव 2026' के तहत 13 से 17 मार्च तक कालिदास अकादमी में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 




वीर भारत न्यास, मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि इस महोत्सव में 30 से अधिक देशों की सांस्कृतिक, पौराणिक और ऐतिहासिक फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जिसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति और प्राचीन वैभव को वैश्विक मंच प्रदान करना है। 




आयोजन में 'राजा हरिश्चंद्र' जैसी कालजयी फिल्मों के साथ-साथ वियतनाम, और इजराइल जैसे देशों का सिनेमा भी दर्शकों को देखने को मिलेगा। इस दौरान फिजी, नेपाल और नाइजीरिया सहित कई देशों के राजनयिक और फिल्म विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।




​सिनेमा के साथ ही शहर साहित्य और कला के रंगों में भी सराबोर रहेगा। 14 मार्च की रात घंटाघर चौक पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सजेगा, जिसमें सुनील जोगी और दिनेश दिग्गज जैसे नामी कवि शिरकत करेंगे। 




कालिदास अकादमी में प्रतिदिन शिव पुराण चित्रकला प्रदर्शनी, शास्त्रीय नृत्य और लोक नृत्यों की प्रस्तुतियाँ होंगी। 15 मार्च को जाहर वीर गोगा देव की महिमा पर केंद्रित गोगा गायन होगा, जिसमें राजस्थान व महाराष्ट्र के कलाकार हिस्सा लेंगे। 




इसके साथ ही महर्षि पाणिनि विश्वविद्यालय में ज्योतिष की वेध परंपरा पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी होगी, जिसमें अमेरिका, रूस और नेपाल के विद्वान भारतीय ज्ञान परंपरा पर मंथन करेंगे। आयोजन समिति ने सभी कला प्रेमियों से इन कार्यक्रमों में गरिमामयी उपस्थिति की अपील की है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन