6 महीने से जली पड़ी ट्यूबवेल मोटर, नल-जल योजना बंद — ग्राम नानजीपुरा के ग्रामीण पीने के पानी के लिए परेशान




भारत सागर न्यूज/आष्टा (सीहोर)। जनपद पंचायत आष्टा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कुरली कला के ग्राम नानजीपुरा में पिछले कई महीनों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। गांव में पीएचई विभाग की नल-जल योजना पूरी तरह बंद पड़ी है, जिसके कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।




ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगी ट्यूबवेल की मोटर पिछले लगभग 6 महीनों से जली हुई है, जिसे अब तक ठीक नहीं किया गया है। इसके चलते पूरे गांव में जल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।




बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर तथा पीएचई विभाग को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया था। शिकायत मिलने के बाद पीएचई विभाग की एसडीओ और विभाग के ब्लॉक समन्वयक मंगलेश दुबे गांव नानजीपुरा पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और ठेकेदार को निर्देश दिया था कि जहां-जहां पाइपलाइन फूटी हुई है, उसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाए।




हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने विभाग के अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया। कई स्थानों पर पाइपलाइन फूटी होने के बावजूद केवल गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए, लेकिन पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई। इसके कारण नल-जल योजना अब तक चालू नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव में न तो पक्की सड़क की सुविधा है और न ही नियमित रूप से पीने का पानी मिल पा रहा है। आजादी के 70 से अधिक वर्ष बीत जाने के बाद भी दूरदराज के गांवों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्यूबवेल की मोटर बदलकर पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए, ताकि गांव में नल-जल योजना दोबारा शुरू हो सके और लोगों को पीने के पानी की समस्या से राहत मिल सके।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन