पुलिस लाइन में होली का उल्लास: लगातार ड्यूटी के बाद अधिकारियों और जवानों ने मनाया जश्न
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । रंगों के पर्व होली पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगातार तीन दिनों तक तैनात रहने के बाद, उज्जैन पुलिस ने अपनी अनूठी परंपरा निभाते हुए पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह मनाया।
यह आयोजन अनुशासन और भाईचारे का प्रतीक बना, जहाँ वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों के साथ मिलकर गुलाल उड़ाया। कार्यक्रम का उत्साह तब चरम पर पहुँच गया जब कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा बेहद प्रसन्नचित मुद्रा में एक-दूसरे के गले में हाथ डालकर मंच तक पहुँचे। अधिकारियों को अपने बीच पाकर जवानों का मनोबल बढ़ गया।
डीजे की धुन और ढोल की थाप पर पुलिस परिवार ने जमकर खुशियां मनाईं। लोकप्रिय फिल्मी गीतों पर पुलिसकर्मियों ने अपनी थकान मिटाते हुए उत्साहपूर्वक समय बिताया। डीआईजी नवनीत भसीन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि त्योहार पर ड्यूटी के कारण यह आयोजन अगले दिन किया जाता है, ताकि जवान नई ऊर्जा महसूस कर सकें। कलेक्टर ने पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए इसे खुशियां बांटने का सुखद अवसर बताया।




Comments
Post a Comment