देवास में गुंडागर्दी पर पुलिस का बड़ा प्रहार: CNG पंप पर अवैध वसूली और मारपीट करने वाले दर्जनभर बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर में अवैध वसूली और गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ औद्योगिक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मधु मिलन चौराहा स्थित GAIL Gas CNG Pump पर कर्मचारी के साथ मारपीट कर अवैध वसूली करने की कोशिश की थी। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, मैजिक वाहन से गैस भराने पहुंचे सलिम नामक व्यक्ति ने पंप कर्मचारी मनीष से जबरन पैसे मांगते हुए अवैध वसूली की कोशिश की। कर्मचारी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर सलिम ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद करीब दर्जनभर बदमाशों ने मिलकर पंप कर्मचारी के साथ मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। औद्योगिक थाना पुलिस ने दो आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाकर लगातार दबिश दी गई।
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर की गई। एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और सीएसपी सुमित अग्रवाल के निर्देशन में औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चोरसिया की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने साफ कहा है कि शहर में अशांति फैलाने, गुंडागर्दी करने और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभा रहे हैं।




Comments
Post a Comment