भारत सागर की खबर का असर! अमलतास यूनिवर्सिटी ने सुधारा प्रमाण पत्र, लेकिन जवाबदेही अब भी गायब ! Bharat Sagar's report has had an impact! Amaltas University has corrected its certificate, but accountability remains elusive.



राहुल परमार, 9425070079-देवास। अमलतास यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में सामने आई प्रमाण पत्र की त्रुटि ने केवल एक तकनीकी गलती का मामला नहीं, बल्कि संस्थागत कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव को ‘डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी’ की उपाधि के साथ जारी प्रमाण पत्र में हुई टंकण त्रुटि के बाद जिस तरह यह मामला सार्वजनिक चर्चा में आया, उसने विश्वविद्यालय की तैयारियों और जिम्मेदारी दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया। 

घटना के बाद, मीडिया में खबर प्रसारित होने और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया तेज होने के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रमाण पत्र में सुधार कर उसे पुनः जारी कर दिया। स्वयं रायसिंह सेंधव ने भी यह स्पष्ट किया कि अब उन्हें शुद्ध प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुका है। यह कदम स्वागत योग्य जरूर है, लेकिन क्या केवल सुधार कर देना ही पर्याप्त माना जा सकता है?

प्रश्न यह है कि इतनी बड़ी चूक के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या सार्वजनिक स्वीकारोक्ति क्यों सामने नहीं आई। शिक्षा जैसे गंभीर और विश्वसनीयता पर आधारित क्षेत्र में, पारदर्शिता और जवाबदेही केवल औपचारिकताएं नहीं, बल्कि मूलभूत अपेक्षाएं होती हैं।

और भी चिंताजनक तथ्य यह है कि यह त्रुटि केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं दिखती। कई अन्य लोगों द्वारा साझा किए गए प्रमाण पत्रों में भी समान प्रकार की गलतियां सामने आई हैं, जो इस समस्या को व्यक्तिगत नहीं, बल्कि प्रणालीगत बनाती हैं।



बहरहाल, सुधार की प्रक्रिया फिलहाल केवल एक-दो मामलों तक ही सीमित नजर आ रही है, जबकि कई कार्यकर्ताओं द्वारा यूनिवर्सिटी से प्राप्त प्रमाण पत्र सोशल मीडिया पर साझा किए गए थे, जिनमें समान त्रुटियां दिखाई दे रही हैं। ऐसे में वे सभी अब भी संशोधन की राह देख रहे हैं।

ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि विश्वविद्यालय केवल चयनित सुधार तक सीमित न रहे, बल्कि व्यापक स्तर पर सभी प्रभावित लोगों के दस्तावेजों की समीक्षा और संशोधन सुनिश्चित करे। साथ ही, एक स्पष्ट और जिम्मेदार आधिकारिक बयान देकर यह भरोसा भी दिलाए कि भविष्य में ऐसी त्रुटियां दोहराई नहीं जाएंगी।

अंततः, यह घटना केवल एक प्रमाण पत्र की गलती नहीं, बल्कि उस भरोसे की परीक्षा है, जिस पर किसी भी शैक्षणिक संस्थान की साख टिकी होती है। अब देखना यह होगा कि अमलतास यूनिवर्सिटी इस परीक्षा में पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरती है या नहीं।

यह थी खबर - 

गलगोटिया के बाद अब अमलतास? मानद उपाधि की टंकण त्रुटि ने खड़े किए बड़े सवाल?? जिलाध्यक्ष की पोस्ट से सामने आए त्रुटिपूर्ण उपाधि पत्र ने खोली लापरवाही की परतें, अब विद्यार्थियों के प्रमाणपत्रों की शुद्धता पर भी चिंता


Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन