“प्लीज हेल्प मी…” मैसेज से ठगी, बलाई महासंघ राष्ट्रीय अध्यक्ष का व्हाट्सएप हैक कर मांगे पैसे




भारत सागर न्यूज/देवास। अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के व्हाट्सएप अकाउंट को हैक कर अज्ञात बदमाशों द्वारा लोगों से पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में परमार ने सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित साइबर सेल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। 




महासंघ जिलाध्यक्ष प्रदीप मालवीय ने बताया कि मनोज परमार संगठन पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ सोनकच्छ में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान परमार को परिचितों व समाजजनों से जानकारी मिली कि उनके व्हाट्सएप से संदिग्ध मैसेज भेजे जा रहे हैं। 




हैकर्स द्वारा क्यूआर कोड और मोबाइल नंबर 9279474202, 9125612538 व 7632016649 के जरिए लोगों को पर्सनल मैसेज भेजकर “प्लीज हेल्प मी, 52 हजार रुपए दे दीजिए, 2 घंटे में लौटा दूंगा” जैसी अपील की जा रही थी। मैसेज मिलते ही कई लोगों ने परमार को फोन किए, जबकि कुछ लोगों ने बताए गए खातों में पैसे भी ट्रांसफर कर दिए। 




जब परमार ने अपना व्हाट्सएप खोलने की कोशिश की तो वह एक्सेस नहीं हो सका, जिससे उन्हें अकाउंट हैक होने का संदेह हुआ। इसके बाद वे तुरंत कार्यकर्ताओं के साथ साइबर सेल पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराते हुए अपना व्हाट्सएप अकाउंट पुनः चालू कराया गया। परमार ने आमजन से अपील की है कि इस तरह के फर्जी मैसेज पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से पहले सत्यापन अवश्य करें। 




उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस दौरान विजेंद्र सिंह राणा, हीरो सोलंकी, पं. कमल शर्मा, अमन मालवीय, शनि मालवीय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।



Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन