चार महीने से वेतन नहीं मिला, मनरेगा कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी




भारत सागर न्यूज/देवास। जिले में मनरेगा योजना के अंतर्गत कार्यरत संविदा अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सहायकों ने विगत चार माह से मानदेय न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। कर्मचारियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। 




कर्मचारियों का कहना है कि वे महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजना को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संचालित कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। लगातार चार महीने से भुगतान न होने के कारण सभी कर्मचारी और उनके परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। 




उन्होंने बताया कि मानदेय के अभाव में दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना बेहद कठिन हो गया है। कर्मचारियों ने इसे अत्यंत गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। 




ज्ञापन में कर्मचारियों ने प्रशासन से दो प्रमुख मांगें रखी हैं—पहली, लंबित चार माह का मानदेय तत्काल प्रभाव से जारी किया जाए, और दूसरी, भविष्य में नियमित और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। 




कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। 




इस दौरान सहायक सचिव संघ देवास ब्लॉक अध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर सहित महेंद्र सिंह, महेश, अनिल पटेल, प्रवीण पाटीदार, कुलदीप गौड़, अंकित तिवारी, रमेश, देवेंद्र, सादिक, जावेद, राहुल दुबे, मनीष, खर्चुलाल, जितेंद्र, सुमित पटेल, रामबाबू, सूर्यप्रकाश, विजेश, ओम लुवानिया एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन