पटवा समाज के उत्थान हेतु कल्याण बोर्ड गठन एवं विश्वकर्मा योजना में शामिल करने की मांग तेज
- 4 सांसदों एवं 32 विधायकों ने की अनुसंशा,,
भारत सागर न्यूज/मध्यप्रदेश। अखिल भारतीय पटवा वैश्य महासभा द्वारा पटवा समाज के आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक उत्थान के उद्देश्य से राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। महासभा ने मध्य प्रदेश सरकार से दो प्रमुख मांगें रखी हैं—प्रदेश में पटवा समाज कल्याण बोर्ड का गठन किया जाए तथा पटवा समाज को केंद्र सरकार की विश्वकर्मा योजना में शामिल किया जाए।
पटवा समाज, जो परंपरागत रूप से चूड़ी, कंगन एवं श्रृंगार सामग्री के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है, वर्तमान समय में आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग में आता जा रहा है। समाज के समग्र विकास एवं पारंपरिक व्यवसाय को पुनर्जीवित करने के लिए इन मांगों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
इसी क्रम में महासभा की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने क्षेत्रों के सांसदों एवं विधायकों को पत्र लिखकर इन मांगों के समर्थन में अनुशंसा करने का आग्रह किया जा रहा है। अब तक इस अभियान को व्यापक जनप्रतिनिधियों का समर्थन प्राप्त हुआ है, जिसमें 4 सांसदों एवं 4 मंत्रियों सहित 32 विधायकों का समर्थन एवं अनुशंसा पत्र प्राप्त हो गया है।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष श्रीकांत पटवा ने कहा कि अभियान को जनप्रतिनिधियों से लगातार सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मध्य प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री मोहन यादव तक पटवा समाज की यह मांग शीघ्र पहुंचेगी और सरकार द्वारा इस सम्बन्ध में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि इन मांगों के पूर्ण होने से पटवा समाज को नई पहचान मिलेगी तथा समाज अपनी गौरवशाली परंपरा को पुनः स्थापित करने में सफल होगा।



Comments
Post a Comment