कॉलोनाइजर प्रेम अग्रवाल आत्महत्या प्रकरण में छह लोगों पर केस दर्ज




भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के जाने-माने बिल्डर एवं कॉलोनाइजर प्रेम कुमार अग्रवाल की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस ने मृतक द्वारा छोड़े गए कथित सुसाइड नोट के आधार पर छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया है।




जानकारी के अनुसार, गीताश्री ड्रीम सिटी कॉलोनी निवासी प्रेम कुमार अग्रवाल की कुछ दिनों पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की बात सामने आई थी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मृतक का पोस्टमार्टम सांवेर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया था।




जांच के दौरान पुलिस को चार पृष्ठों का एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें प्रेम अग्रवाल ने अपने भाई राजेश अग्रवाल सहित छह लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में करीब 100 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी, फर्जी रजिस्ट्री कराने, जमीनों पर कब्जा करने तथा दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाकर फर्म से बेदखल करने जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया है।




औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने सुसाइड नोट और प्रारंभिक जांच के आधार पर राजेश अग्रवाल, गौरव जैन, विशाल जैन, मुकेश जैन, सुमेर सिंह और सचिन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (उकसाने) का मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की सत्यता और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments