त्रिलोक नगर संस्था ने शिकायत को बताया भ्रामक, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
भारत सागर न्यूज/देवास। त्रिलोक नगर गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित, देवास के अध्यक्ष नरेंद्र दांडगे ने संस्था के संचालकगण एवं 124 भवनों के वैध सदस्यों के साथ कलेक्टर देवास को आवेदन सौंपकर कुछ व्यक्तियों द्वारा की गई शिकायत को भ्रामक, तथ्यहीन एवं द्वेषपूर्ण बताया है। साथ ही संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कलेक्टर को दिए गए आवेदन में संस्था की ओर से कहा गया है कि गत जनसुनवाई में उत्तमराव चाडोकार, ओमप्रकाश नागेश्वर, प्रकाश सलुंके, गणेश पवार, धर्मेन्द्र चंदेल एवं मुकेश रावत द्वारा संस्था एवं उसके पदाधिकारियों के खिलाफ जो शिकायत प्रस्तुत की गई थी, वह पूरी तरह असत्य और तथ्यों से परे है। आवेदन के अनुसार, शिकायत करने वाले कुछ व्यक्तियों का त्रिलोक नगर योजना के 124 भवनों से न तो सदस्य के रूप में और न ही वैध निवासी के रूप में कोई संबंध है। इसके बावजूद उनके द्वारा भवनों के भुगतान और संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर आरोप लगाए गए हैं।
संस्था ने यह भी सवाल उठाया है कि जिन व्यक्तियों का भवनों से कोई वैधानिक संबंध नहीं है, उनके पास संबंधित दस्तावेज एवं भुगतान संबंधी जानकारी किस प्रकार पहुँची, यह जांच का विषय है। संस्था ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया, वीडियो और अन्य माध्यमों के जरिए संस्था, उसके पदाधिकारियों तथा अध्यक्ष की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे संस्था के सदस्यों और रहवासियों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। अध्यक्ष नरेंद्र दांडगे ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि शिकायत तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण पाई जाए तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। संस्था का कहना है कि वह जांच में पूर्ण सहयोग देने के लिए तैयार है और वास्तविक तथ्यों को सामने लाना चाहती है।




Comments
Post a Comment