माधव नगर में चोरों का आतंक कार सवार बदमाशों ने दो मोबाइल दुकानों से चोरी किए एक करोड़ के मोबाइल

भारत सागर न्यूज/उज्जैन/ संजय शर्मा।उज्जैन शहर के माधव नगर थाना क्षेत्र स्थित शहीद पार्क इलाके में बीती रात चोरों ने फिल्मी अंदाज में दस्तक देते हुए दो मोबाइल दुकानों को अपना निशाना बनाया। कार से आए शातिर बदमाशों ने बड़ी चतुराई से शटर के ताले चटकाए और अंदर घुसकर महंगे स्मार्टफोन पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी चोरी की घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। प्रारंभिक आकलन में दोनों दुकानों से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की कीमत के मोबाइल और गल्ले में रखी नकदी चोरी होने की बात सामने आई है।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बेखौफ होकर फरार हो गए, लेकिन उनकी ये करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह बदमाश पहले एक दुकान में घुसते हैं और फिर दूसरी दुकान को निशाना बनाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ सबूत जुटाने शुरू किए। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है, ताकि उनके ठिकाने तक पहुंचा जा सके।
चोरी की इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इतने बड़े स्तर पर हुई चोरी के बाद माधव नगर पुलिस का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कैमरे के सामने बोलने से बचता नजर आया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन शहर के मुख्य इलाके में हुई इस बड़ी वारदात ने स्थानीय दुकानदारों को असुरक्षित महसूस करने पर मजबूर कर दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस की तफ्तीश और बदमाशों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।





Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा