जिला अभिभाषक संघ ने नवागत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का किया भव्य स्वागत





भारत सागर न्यूज/देवास। जिला न्यायालय देवास में शुक्रवार को जिला अभिभाषक संघ द्वारा संघ के सभाकक्ष में नवागत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश  कपिल मेहता के स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं ने पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। संघ अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी ने बताया कि समारोह की शुरुआत  मेहता के स्वागत से हुई। 




अपने संबोधन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश  कपिल मेहता ने कहा कि बार और बेंच एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों के समन्वय से ही न्यायदान की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित होती है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका और अधिवक्ताओं का उद्देश्य समान है और आपसी सहयोग से ही न्यायालयीन व्यवस्था सुचारु रूप से चल सकती है। मेहता ने कहा कि न्यायाधीश अकादमी और स्वाध्याय से जितना सीखते हैं, उससे कहीं अधिक अधिवक्ताओं से सीखने का अवसर मिलता है। 




उन्होंने विश्वास दिलाया कि न्यायालय से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान सभी के सहयोग से किया जाएगा। साथ ही उन्होंने अभिभाषक संघ के वर्तमान सभागार की सीमित क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि वे नए सभागार के निर्माण अथवा वर्तमान भवन के विस्तार के लिए प्रयास करेंगे। संघ अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी ने बताया कि वर्ष 1996 में बार एसोसिएशन में लगभग 300 अधिवक्ता थे, जबकि वर्तमान में उनकी संख्या 1200 से अधिक हो चुकी है। ऐसे में बड़े सभागार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि  मेहता ने इस मांग को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए समाधान का आश्वासन दिया।



उन्होंने न्यायपालिका और अधिवक्ता समुदाय के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा भी व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन चंद्रपाल सिंह सोलंकी (छोटू) ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष विशाल तिवारी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महिला उपाध्यक्ष जयंती पौराणिक, कोषाध्यक्ष गीता शर्मा, सह सचिव अशोक कुमार गुजराती, सह सचिव दीपिका सुनहरी, पुस्तकालय सचिव विजय सोनी, पुस्तकालय सचिव सरिता उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Comments