सफाई कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर देवास में ट्रेड यूनियन का विशाल महासम्मेलन वेतन बढ़ाने, स्थायी नौकरी और स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति सहित कई मांगों पर हुई चर्चा
भारत सागर न्यूज/देवास। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन 7262 के तत्वावधान में देवास के मल्हार स्मृति मंदिर में सफाई कर्मचारियों का विशाल महासम्मेलन शहर अध्यक्ष विकास सांगते के नेतृत्व में आयोजित किया गया। सम्मेलन में देवास, उज्जैन, मंदसौर, खरगोन, शाजापुर, मक्सी, भोपाल सहित कई शहरों से ट्रेड यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।सम्मेलन में सफाई कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान, वेतन, स्थायी नौकरी तथा अन्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श करते हुए उनके समाधान के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
ट्रेड यूनियन के नेता मगनलाल झंझोट ने कहा कि वे वर्ष 2017 से सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सफाई कर्मचारियों का न्यूनतम मासिक वेतन 25 हजार रुपये किया जाए और उन्हें स्थायी नौकरी दी जाए, ताकि वे अपने परिवार का सम्मानपूर्वक पालन-पोषण कर सकें।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी वर्षों तक सड़कों पर सफाई करते हुए कई तरह की बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में 25 से 30 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का लाभ दिया जाए तथा उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन की राष्ट्रीय बैठक अगस्त माह में होगी। इसके बाद भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के समक्ष आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद प्रदेशभर में कर्मचारियों के हितों को लेकर आंदोलन किया जाएगा।सम्मेलन में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




Comments
Post a Comment