3 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी से परेशान युवक ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, कार्रवाई नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी




भारत सागर न्यूज/देवास। जिले की हाटपिपल्या तहसील के ग्राम गुरिया निवासी जितेंद्र पिता रतनलाल (35) ने पुलिस अधीक्षक देवास को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कृषि भूमि का सौदा कराने के नाम पर उससे 3 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने विवादित भूमि का अनुबंध कराकर उसके साथ छल किया, रुपये हड़प लिए और बाद में रजिस्ट्री भी नहीं कराई। आवेदन के अनुसार, वर्ष 2025 में कुछ लोगों ने उसे उसकी जमीन के समीप सस्ती कृषि भूमि दिलाने का भरोसा दिलाया। 




इसके बाद 7 मई 2025 को कथित रूप से एक अनुबंध कराया गया, जिसके एवज में उससे 3 लाख रुपये ले लिए गए। बाद में उसे पता चला कि संबंधित भूमि विवादित है तथा अनुबंध में भी अनियमितताएं हैं। पीड़ित का आरोप है कि उसने कई बार शेष राशि देकर रजिस्ट्री कराने का आग्रह किया, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। उसने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। 




पीड़ित ने आरोप लगाया कि इन लोगों द्वारा पूर्व में भी कई लोगों से जमीन खरीदी बिक्री के नाम पर ठगी की गई। जितेंद्र ने बताया कि वह पहले भी कई बार पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा हाटपिपल्या थाना में शिकायत दे चुका है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान है। आवेदन में उसने न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या जैसा कदम उठाने की चेतावनी भी दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने हाटपिपल्या थाना प्रभारी से चर्चा कर प्रकरण में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा