बाल-विवाह की सूचना जिला कंट्रोल रूम (07272-250126), चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, 1800-599-1480, डायल-100 एवं महिला हेल्पलाइन 181 पर दें।
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास, 26 अप्रैल 2025/ जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग देवास ने बताया कि जिले में अक्षय तृतीया 30 अप्रैल 2025 एवं विवाह मुहूर्तों के अवसर पर विवाह सम्पन्न होते है, जिसमें बाल विवाह होने की प्रबल संभावना होती है। इन अवसरों पर विशेष रूप से बाल विवाह पर निगरानी रखते हुए अभियान के माध्यम से बाल-विवाह रोकथाम के लिए वर्ष भर कार्यवाही की जाती है। बाल-विवाह रोकथाम के लिए जिला स्तर पर वन स्टॉप सेंटर महिला एवं बाल विकास देवास में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है,
जिसका दूरभाष नंबर 07272-250126 है, उक्त दूरभाष नंबर 24 घंटे सेवा में रहेगा। परियोजना स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा बाल-विवाह रोकथाम एवं बाल-विवाह पर निगरानी रखने हेतु संयुक्त दलों का गठन किया गया है। आमजन बाल-विवाह की सूचना प्राप्त होने पर जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07272-250126, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 अथवा 1800-599-1480, डायल-100 एवं महिला हेल्पलाइन-181 पर सूचना दे सकते हैं।
बाल-विवाह करने पर संबंधित एवं बाल-विवाह में सेवायें देने वाले सेवा प्रदाताओं (टेंट वाला, घोड़ी वाला, पंडित, काजी, प्रिंटिंग प्रेस वाला, हलवाई, ट्रांसपोर्ट आदि) पर बाल-विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए 2 वर्ष तक के कठोर कारावास एवं 1 लाख रूपये तक के जुर्माने से दण्डित किया जायेगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग देवास ने आमजन से अपील की है
कि हम अपने बच्चों का विवाह, विवाह हेतु निर्धारित आयु (बालक 21 वर्ष एवं बालिका 18 वर्ष) पूर्ण करने पर ही करें। हम सब बाल-विवाह कुप्रथा को रोकने के लिए प्रयास करेंगे एवं सेवा प्रदाता विवाह में सेवाये देने के पूर्व उम्र संबंधी प्रमाण पत्र प्राप्त कर विवाह हेतु निर्धारित आयु पूर्ण करने पर ही विवाह में अपनी सेवाये प्रदान करें। बाल-विवाह में सेवायें देने वाले सेवा प्रदाताओं पर भी होगी कार्यवाही।
.jpeg)



Comments
Post a Comment