सपनों को साकार करने की पहल: देवास जिले में वाऊ हब का उद्घाटन।
भारत सागर न्यूज/खातेगांव। देवास जिले के खातेगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अजनास में वाऊ (वर्क ऑपर्च्युनिटी और वेलबीइंग) हब का शुभारंभ किया गया। यह पहल एसबीआई फाउंडेशन और ट्रांसफॉर्मिंग रूरल इंडिया (टीआरआई) के संयुक्त प्रयास से, एसबीआई फाउंडेशन की प्रमुख ग्रामीण उद्यमिता योजना लीप (आजीविका एवं उद्यमिता संवर्धन कार्यक्रम) के अंतर्गत प्रारंभ की गई है।
इस हब की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और नेतृत्व पर आधारित उद्यमिता से जोड़ना है, ताकि वे अपने गांवों में ही आर्थिक अवसरों का निर्माण कर सकें और पलायन की समस्या पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
कार्यक्रम का उद्घाटन एसबीआई फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक संजय प्रकाश द्वारा किया गया। उद्घाटन के बाद 'गैलरी वॉक' के माध्यम से उपस्थित अतिथियों ने हब की आधुनिक सुविधाओं जैसे कंप्यूटर लैब, काउंसलिंग रूम (साइकोमेट्रिक टेस्ट के लिए), लाइब्रेरी और खेल-कक्ष का अवलोकन किया।
समारोह में अनीश कुमार, नीरज आहूजा, अंकित रावत, अभिषेक व्यास, पार्वती नायर, लेखराम गुर्जर (टीआरआई), शिरीष योगी (एसपीएस), सुभदीप, अनुभूति और वैष्णवी (एसबीआई टीम) सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, पशुपालन विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के प्रतिनिधि, स्थानीय अधिकारी एवं ग्रामीण समुदाय के सदस्य भी इस अवसर पर शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कुछ युवा उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं, जो इस हब की उपयोगिता और प्रभाव को प्रत्यक्ष रूप से दर्शाती हैं। इस अवसर पर प्रगतिशील उद्यमियों की औपचारिक घोषणा की गई और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। टीआरआई के नीरज आहूजा ने जानकारी दी कि संस्था का लक्ष्य देशभर में 10,000 ऐसे हब स्थापित करना है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के लिए स्थायी विकास का माध्यम बन सकें।
एसबीआई फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक संजय प्रकाश ने वाऊ हब को ग्रामीण युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बताते हुए सामुदायिक भागीदारी की सराहना की और सभी नवोदित उद्यमियों को शुभकामनाएं दीं। वाऊ हब की विशेषता यह है कि यह डिजिटल और भौतिक दोनों माध्यमों से युवाओं को सशक्त बनाने की सुविधा उपलब्ध कराता है। हब के माध्यम से स्थानीय युवाओं को उनकी ज़रूरतों के अनुसार सेवाएं और अवसर प्रदान किए जाएंगे। यह हब मेंटरशिप, डिजिटल संसाधनों, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक ठोस कदम है।
.jpg)
%20(1).jpg)

.jpg)

Comments
Post a Comment