वर्ष में एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट 28 जुलाई की रात से खुलेंगे...!
भारत सागर न्यूज/उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में 29 जुलाई को नागपंचमी का पर्व भक्ति और उत्साह के वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर महाकाल मंदिर परिसर स्थित प्राचीन और दुर्लभ श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट वर्ष में केवल एक बार, नागपंचमी पर खोले जाते हैं। इस वर्ष मंदिर के पट 28 जुलाई की रात ठीक 12 बजे खोले जाएंगे और 29 जुलाई की रात 12 बजे तक दर्शन के लिए खुले रहेंगे।
पट खुलने के साथ ही श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरी महाराज भगवान नागचंद्रेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात भक्तों को दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।
यह भी पढ़ें - विधायक मनोज चौधरी ने कावड़ यात्रियों का किया स्वागत, अस्पताल निर्माण में गुणवत्ता के दिए निर्देश...
नागपंचमी के इस पावन पर्व पर करीब दस लाख श्रद्धालुओं के उज्जैन आने का अनुमान है, जो भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
महंत विनीत गिरी महाराज के अनुसार मंदिर में विराजित श्री नागचंद्रेश्वर की मूर्ति अत्यंत दुर्लभ है, जो आठवीं शताब्दी की बताई जाती है। इस मूर्ति में पूरा शिव परिवार नाग शैय्या पर विराजमान है, जो दर्शकों को आस्था और श्रद्धा से भर देता है।
यह भी पढ़ें - शिवधाम कॉलोनी में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन, पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प...!
श्रद्धालुओं की संख्या और भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि दर्शन व्यवस्था,
सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, जल आपूर्ति और मार्गदर्शन सहित सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से दर्शन कर सकें और पर्व को शांति तथा भक्ति भाव से संपन्न किया जा सके।
Comments
Post a Comment