उज्जैन में अवैध निर्माण पर एक्शन मोड, होटल पर चला निगम का बुलडोजर....!
भारत सागर न्यूज/उज्जैन(संजय शर्मा 94248 50595)। विश्वप्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के सामने नगर निगम ने अवैध रूप से निर्माणाधीन एक दो मंजिला होटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह होटल बिना किसी वैध अनुमति के बनाया जा रहा था।
नगर निगम द्वारा पहले होटल संचालक अशोक जोशी को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने और अनुमति लेने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन न तो निर्माण रोका गया और न ही नोटिस का कोई जवाब दिया गया। प्रशासन की चेतावनियों की अनदेखी के बाद मंगलवार को नगर निगम ने यह सख्त कदम उठाया।
कार्रवाई के दौरान चौबीस खंबा माता मंदिर मार्ग से महाकाल मंदिर पहुंच मार्ग तक बैरिकेड लगाकर यातायात को रोका गया था। मौके पर पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और नगर निगम का अमला पूरी तरह तैनात रहा।
नगर निगम के बिल्डिंग ऑफिसर दीपक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अवैध निर्माण लंबे समय से नियमों की अनदेखी करते हुए चल रहा था।
बार-बार सूचना पत्र देने के बाद भी संचालक द्वारा अनुमति नहीं ली गई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि आगे भी शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Comments
Post a Comment