बाल विवाह मुक्ति रथ का शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों व प्रशासन ने लिया बाल विवाह रोकथाम का संकल्प
भारत सागर न्यूज/देवास। संस्था आस द्वारा बाल विवाह की रोकथाम एवं समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से संचालित 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान के अंतर्गत बाल विवाह मुक्ति रथ का निर्माण किया गया। उक्त रथ का शुभारंभ देवास में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम में विधायक गायत्री राजे पवार, महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला, महिला एवं बाल विकास विभाग से संदीप किरार (जिला बाल संरक्षण अधिकारी), सुश्री एकता जायसवाल (काउंसलर), सुश्री सीमा यादव (अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति), बाल कल्याण समिति के सदस्यगण तथा संस्था आस से फूलकुंवर राजपूत, जागेंद्र यादव एवं एक्सेस टू जस्टिस परियोजना की समस्त टीम उपस्थित रही।
इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया। साथ ही उपस्थित अतिथियों द्वारा हस्ताक्षर कर बाल विवाह रोकथाम के लिए संकल्प भी लिया गया।
बाल विवाह मुक्ति रथ देवास जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस दौरान ग्रामीण समुदाय, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं किशोर-किशोरियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा बाल अधिकारों के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
साथ ही बाल विवाह की संभावित घटनाओं की समय पर जानकारी संबंधित विभागों तक पहुँचाने हेतु लोगों को प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाल विवाह को एक गंभीर सामाजिक कुरीति बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक जिम्मेदारी, जागरूकता एवं जनभागीदारी पर विशेष बल दिया।





Comments
Post a Comment