देवास में उज्जैन रोड के गड्ढों पर ‘बेशर्म’ के पौधे लगाकर विरोध प्रदर्शन
- कांग्रेस पार्षद दल ने अनोखे अंदाज में पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली पर उठाए सवाल
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के उज्जैन रोड ब्रिज और आसपास की क्षतिग्रस्त सड़क से परेशान नागरिकों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि राहुल पंवार के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल और स्थानीय लोगों ने गड्ढों में ‘बेशर्म’ के पौधे लगाकर लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों ने उज्जैन रोड ब्रिज पर बने गहरे गड्ढों में पौधे रोपे और चूने से घेरा बनाकर विभाग का ध्यान आकर्षित किया। उनका कहना है कि नगूखेड़ी क्षेत्र से शुरू की गई सड़क खुदाई कई दिनों से अधूरी पड़ी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुदाई के बाद सड़क की हालत और खराब हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उज्जैन रोड ब्रिज प र गहरे गड्ढों के कारण लोहे के सरिए तक बाहर आ गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। वाहन चालकों को रोजाना नुकसान उठाना पड़ रहा है और धूल व जाम की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है।
राहुल पंवार ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के कारण आम जनता परेशान है। उन्होंने बीमा रोड सहित अन्य स्थानों पर हो रही खुदाई और धूल की समस्या पर भी सवाल उठाए। साथ ही नगर निगम प्रशासन की मौखिक स्वीकृतियों को लेकर पारदर्शिता की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र स्थायी समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन करते हुए पीडब्ल्यूडी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन में प्यारे पठान, आबिद खान, दीपेश कानूनगो, वसीम हुसैन, दुष्यंत पांचाल, मुकेश झारे वाले, रवि देवड़ा, जितेंद्र मालवीय, लोकेश गोस्वामी, सूरज बघेल, सोनू सिंधानिया, जयंत पाठक, धर्मेंद्र चंदेल, रूपेश पटेल, सुमित चौहान, सचिन राजपूत, आयुष पटेल और विनय राठौड़ सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
x





Comments
Post a Comment