भारतीय मजदूर संघ ने किया देशव्यापी धरना, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन...
भारत सागर न्यूज/देवास। भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर देवास में देशव्यापी धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री और श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिला मंत्री अमित पांडे ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में संघ से संबंधित विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
ज्ञापन में मांग की गई कि सभी सेक्टरों और सभी श्रमिकों के लिए श्रम कानूनों को बिना किसी छूट के अंत्योदय की भावना के साथ एकसाथ लागू किया जाए। साथ ही, इंडस्ट्रियल रिलेशन कोड 2020 एवं ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशन कोड 2020 में श्रमिकों की चिंताओं का समाधान करने की मांग उठाई गई।
संघ ने त्रिपक्षीय तंत्र के पुनरुद्धार और सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए इंडियन लेबर कॉन्फ्रेंस को अविलंब आहूत करने तथा विभिन्न त्रिपक्षीय समितियों के पुनर्गठन की मांग की। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि समितियां श्रमिकों के कल्याण हेतु नियमित और प्रभावी रूप से कार्य करें।
अन्य प्रमुख मांगों में ईपीएस-95 के अंतर्गत न्यूनतम पेंशन ₹1000 से बढ़ाकर ₹7500 प्रतिमाह महंगाई भत्ते सहित करने, ईपीएस में अनिवार्य अंशदान हेतु वेतन सीमा ₹15000 से बढ़ाकर ₹30000 करने तथा ईएसआईसी कवरेज की वेतन सीमा ₹21000 से बढ़ाकर ₹42000 करने की मांग शामिल है। बोनस पात्रता की गणना सीमा ₹7000 तथा पात्रता सीमा ₹21000 प्रतिमाह में वृद्धि की भी मांग की गई।
ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 16 और 21 की भावना के अनुरूप स्कीम वर्कर और ठेका श्रमिकों को स्थायी करने, आम भर्ती पर लगी रोक हटाने तथा रोजगार में सुरक्षा और स्थायित्व सुनिश्चित करने की मांग की गई। देवास जिले से संबंधित स्थानीय मुद्दों को भी उठाया गया और कलेक्टर से शीघ्र निराकरण की मांग की गई। मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।
धरना-प्रदर्शन को जिला अध्यक्ष धनंजय गायकवाड, विभाग प्रमुख अजय उपाध्याय, सुशील कुमार पांडे, रामू जमोड़िया, लक्ष्मी नारायण मारू, ओमप्रकाश रघुवंशी, आलोक पायलट, धर्मेंद्र जोशी, माखन सिंह धाकड़, मुकेश जोशी, अशोक शर्मा, जतिन चौधरी, जसवंत सिंह राज ठाकुर, संतोष भावसार, दीपक राठौर, भगवान श्रीवास्तव और ज्ञान सिंह ठाकुर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अमित पांडे ने किया तथा आभार प्रदर्शन अजय उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विभिन्न उद्योगों के श्रमिक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.jpeg)




.jpeg)
Comments
Post a Comment