एआई समिट में हुए विरोध के बाद भाजपा का कांग्रेस कार्यालय घेराव, राहुल गांधी का पुतला दहन
भारत सागर न्यूज/संजय शर्मा/उज्जैन। दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान युवक कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में मंगलवार को उज्जैन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया। पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार, एआई समिट में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा ने देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के घेराव का आह्वान किया था। इसी क्रम में उज्जैन में भी भाजपा कार्यकर्ता शाम को अस्पताल चौराहे से क्षीरसागर स्थित कांग्रेस कार्यालय तक पैदल मार्च निकालते हुए पहुंचे।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कांग्रेस कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया था। क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया गया और कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया।
घटना के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।






Comments
Post a Comment