देवास: 4 माह बाद भी एमजी रोड पर उड़ रही धूल, कई जगह मलबा पड़ा, अधूरे निर्माण से नागरिक परेशान
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के मध्य स्थित एमजी रोड की स्थिति पिछले चार माह से नहीं सुधर पाई है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद भी सड़क और नालियों का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि नवंबर में एमजी रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद सड़क और नालियों के निर्माण कार्य शुरू होना था, लेकिन अब तक कई जगह मलबा पड़ा हुआ है और निर्माण कार्य अधूरा है। सड़क निर्माण भी शुरू नहीं हो पाया है, जिससे पूरे क्षेत्र में दिनभर धूल उड़ती रहती है और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
इधर कई स्थानों पर बिजली और केबल के तार लटक रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। कई बिजली के खंभों की स्थिति भी ठीक नहीं है। कहीं नालियों का निर्माण अधूरा है तो कहीं पूरी तरह से काम ही शुरू नहीं हुआ है। वहीं तोड़फोड़ के बाद का मलबा भी पूरी तरह साफ नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार निरीक्षण किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। एमजी रोड की दुर्दशा अब शहर में चर्चा का विषय बन गई है।
नगर जनहित सुरक्षा समिति के अनिल सिंह बैस, विनोद सिंह गौड़, सुनील सिंह ठाकुर, विजय सिंह तंवर, सुभाष वर्मा, सतनारायण यादव, तकिउद्दीन काजी, सुरेश रायकवार, अनूप दुबे और उमेश राय सहित अन्य नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जनता बैंक चौराहे से तहसील चौराहा, एबी रोड होते हुए सय्याजी गेट तक अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से अधूरे पड़े कार्यों के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और दुकानदारों सहित आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की गई है।






Comments
Post a Comment