देवास में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 14 पेटी शराब सहित कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
अवैध शराब तस्कर
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। औद्योगिक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 पेटी अवैध शराब से भरी कार पकड़ ली, जबकि मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टाटा चौराहे के पास एक संदिग्ध कार खड़ी है, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
जैसे ही पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, कार की डिक्की से 14 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान दुर्गा नगर निवासी श्याम योगी के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इंदौर से शराब लेकर देवास पहुंचा था और शहर में इसकी सप्लाई की जानी थी। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि यह खेप देवास निवासी अनिल चौधरी के कहने पर मंगवाई गई थी।
सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने शराब और कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब शराब सप्लाई नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।




Comments
Post a Comment