सूने मकान में चोरी, डेढ़ लाख नकद और 2 किलो चांदी ले उड़े बदमाश , शादी समारोह में गए थे परिवारजन, तीन ताले तोड़कर वारदात को दिया अंजाम...
भारत सागर न्यूज/नागदा/संजय शर्मा। शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मकान के तीन ताले तोड़कर भीतर घुसे और घर में रखा करीब 1 लाख 50 हजार रुपए नकद तथा लगभग 2 किलो चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना बिरलाग्राम थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक परिवार सहित एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे सहित तीन ताले तोड़े और पूरे मकान का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि मकान मालिक प्रॉपर्टी ब्रोकर का कार्य करता है। चोरी की जानकारी उस समय लगी जब परिवार वापस घर पहुंचा। घर के ताले टूटे और सामान बिखरा देख परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 और बिरलाग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।








Comments
Post a Comment