विद्यानगर में बाइक हटाने की बात पर कहासुनी, होम डिलवरी बॉय को चाकू मारा, रतलाम अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
- आज रतलाम मेडिकल कॉलेज में होगा पीएम, पुलिस ने दो युवकों पर दर्ज किया प्रकरण
भारत सागर न्यूज/नागदा/संजय शर्मा । विद्यानगर क्षेत्र में बाइक को हटाने की बात पर दो युवकों ने होम डिलवरी बॉय पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू कांख के नीचे गहराई में लगा। जिससे रक्तस्त्राव अधिक हुआ और होम डिलवरी बॉय मौके पर ही बदहवाश हो गया। घटना की सूचना पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। बिरलाग्राम पुलिस ने दो युवकों पर पहले हत्या का प्रयास और बाद में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि विद्यानगर निवासी 25 वर्षीय आदित्य उर्फ मोनू पिता सुनील खेरवार अरुण इंटरप्राइजेस पर होम डिलवरी बॉय का कार्य करता था। गुरुवार दोपहर लगभग 1 बजे वह अरुण इंटरप्राइजेस पर पहुंचा था। इस दौरान यहां विद्यानगर निवासी रितेश बोरासी और निर्मल सिंह राजपूत भी इंटरप्राइजेस पर आए थे। इन्होंने बाइक मुख्य गेट के सामने ही खड़ी की थी। वहीं सड़क के बीच में जेसीबी खुदाई का कार्य कर रही थी।
ऐसे में मोनू ने उन्हें बाइक हटाने को कहा, परंतु उन्होंने बाइक हटाई नहीं। जिस पर मोनू ने ही उनकी बाइक को हटाकर आगे खड़ी कर दी। जब मोनू इंटरप्राइजेस में पहुंचा तो कहासुनी शुरू हो गई। इस कहासुनी के दौरान ही रितेश और निर्मल ने मोनू पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें चाकू मोनू के कांख के नीचे गहराई में लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद निर्मला और रितेश बाइक लेकर फरार हो गए। घटनास्थल पर ही मोनू का अधिक खून बह गया। परिजन मौके पर पहुंचे और लहुलूहान मोनू को लेकर अस्पताल गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को मोनू का पीएम होगा, जिसके बाद शव परिजन लेकर शहर पहुंचेंगे।




Comments
Post a Comment